निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने ई-दिशा केंद्र में स्थापित एयर कंडीशनर, कंप्यूटर, प्रिंटर तथा अन्य तकनीकी उपकरणों की कार्यक्षमता की जांच की। कर्मचारियों ने उन्हें बताया कि सभी उपकरण सुचारू रूप से कार्य कर रहे हैं। इस पर डीसी ने निर्देश दिए कि मशीनों और अन्य संसाधनों का नियमित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
डॉ. विवेक भारती ने कर्मचारियों की उपस्थिति भी जांची और सभी को जिम्मेदारी तथा पारदर्शिता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी सेवाओं का लाभ लेने आने वाले प्रत्येक नागरिक को बेहतर अनुभव मिलना चाहिए और उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने कार्यालय परिसर, दीवारों, शीशों और प्रतीक्षालय की नियमित सफाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण प्रशासनिक कार्यप्रणाली की सकारात्मक छवि प्रस्तुत करता है। इसके अलावा कोर्ट कैंटीन से ई-दिशा केंद्र तक जाने वाले मार्ग पर भी विशेष सफाई बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
उपायुक्त ने पेयजल व्यवस्था का भी निरीक्षण किया तथा आरओ और वाटर कूलर की कार्यप्रणाली की जांच की। निरीक्षण के दौरान स्वच्छ और ठंडे पेयजल की व्यवस्था संतोषजनक पाई गई। उन्होंने अधिकारियों को आरओ की नियमित सर्विसिंग कराने और प्रत्येक सर्विस की तिथि दर्ज करने के निर्देश दिए ताकि रखरखाव की प्रभावी निगरानी की जा सके।
निरीक्षण के उपरांत डॉ. विवेक भारती ने सचिवालय परिसर स्थित पावर हाउस का भी दौरा किया और वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को विद्युत उपकरणों और सुरक्षा प्रणालियों को हर समय सुचारू स्थिति में बनाए रखने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि बेहतर आधारभूत सुविधाएं, स्वच्छ वातावरण और सुव्यवस्थित कार्यप्रणाली ही गुणवत्तापूर्ण प्रशासनिक सेवाओं की आधारशिला हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।







