Home Haryana मोहन लाल कौशिक बने एचबीपीई चेयरमैन, बोले- पूरी निष्ठा से निभाऊंगा जिम्मेदारी

मोहन लाल कौशिक बने एचबीपीई चेयरमैन, बोले- पूरी निष्ठा से निभाऊंगा जिम्मेदारी

3
0

अंकुर कपूर , चंडीगढ़। हरियाणा सरकार द्वारा वरिष्ठ भाजपा नेता एवं हरियाणा भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन लाल कौशिक (बडोली) को हरियाणा ब्यूरो ऑफ पब्लिक एंटरप्राइजेज (एचबीपीई) का चेयरमैन नियुक्त किया गया है। सोमवार को आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई जाएगी। सरकार की ओर से नियुक्ति से जुड़ी सेवा शर्तें अलग से जारी की जाएंगी।

शपथ ग्रहण से पहले मीडिया से बातचीत करते हुए मोहन लाल कौशिक ने भाजपा के शीर्ष नेतृत्व और मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि पार्टी और सरकार ने उन पर जो विश्वास जताया है, उस पर वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे।

उन्होंने कहा कि उन्हें जो नई जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका निर्वहन पूरी पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ किया जाएगा। विभाग की कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और सुचारू बनाने के लिए जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी।

बच्चों की सुरक्षा से जुड़े कानूनों पर प्रतिक्रिया देते हुए मोहन लाल कौशिक ने कहा कि केंद्र सरकार बच्चों की सुरक्षा और उनके भविष्य को लेकर पूरी तरह गंभीर है। उन्होंने कहा कि संसद में विपक्ष के विरोध के बावजूद सरकार बच्चों के हितों की रक्षा के लिए कड़े कानून और सख्त दंड के प्रावधान लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। उनका कहना था कि बच्चों की सुरक्षा के मुद्दे पर किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

पंजाब में हाल के पेपर लीक मामलों को लेकर उन्होंने पंजाब सरकार पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब स्वयं शिक्षा मंत्री के कार्यकाल में परीक्षा प्रश्नपत्र लीक होने की घटनाएं सामने आ रही हैं, तो उन्हें इसकी नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए जवाब देना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि ऐसी घटनाओं के बाद अब तक शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा क्यों नहीं दिया।

मोहन लाल कौशिक ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की सबसे बड़ी जिम्मेदारी जनता के विश्वास को बनाए रखना है। शासन-प्रशासन में जवाबदेही और पारदर्शिता सुनिश्चित करना आवश्यक है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा विकास और सुशासन के नए आयाम स्थापित करता रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here