करनाल (अंकुर कपूर): करनाल में राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर हरियाणा के कांग्रेस नेता पूरजोर तैयारियों में लगे हुए हैं। राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष उदयभान ने बुधवार को करनाल की जाट धर्मशाला में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बैठक ली और उनकी ड्यूटियां लगाई। इस दौरान हुड्डा और उदयभान ने बीजेपी और दुष्यंत चौटाला पर जमकर हमला बोला। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने निशाना साधते हुए कहा कि यह बीजेपी-जेजेपी का गठबंधन नहीं यह ठग बंधन है। यमुनापार का नारा लगाते थे अब वह यमुना में नहाकर बीजेपी में शामिल हो गए, जेजेपी समय जीरो पार्टी है।
हुड्डा ने कहा कि हरियाणा की जनता आज बीजेपी की नीतियों से त्रस्त हो चुकी है और बदलाव चाहती है। राहुल गांधी के प्रति हरियाणा की जनता का विश्वास बढ़ता जा रहा है। आने वाले चुनावों में हरियाणा की जनता ही बीजेपी और जेजेपी की सरकार को उखाड़ फेंकने का काम करेगी। उन्होंने कहा कि पांच की रात को राहुल गांधी पानीपत में पहुंच रहे हैं और छह को एक विशाल रैली पानीपत के अंदर होगी। जिसमें हजारों की संख्या में लोग राहुल गांधी को सुनने के लिए पहुंचेंगे। इसके बाद सात तारीख की सुबह को पांच बजे कोहंड से राहुल गांधी अपनी यात्रा शुरू करेंगे। अनिल विज के ट्वीट को लेकर सांसद ने कहा कि मैं सरकार को कहना चाहता हूं ये कौन सी सरकार है, जिसने तीन दिन पहले एफिडेविट सुप्रीम कोर्ट में दिया।
रामेश्वरम में जाकर देखिए, वहां पर राम सेतु के बारे में पता चल जाएगा। कोरोना को लेकर उन्होंने कहा कि अगर स्वास्थ्य मंत्रालय प्रदेश सरकार को पत्र लिखकर कोरोना का प्रोटोकॉल बनाए, जिसको सभी माने, लेकिन यह नहीं होना चाहिए कि सिर्फ कांग्रेस को ही चिठी लिखी जाए। यह गलत है। उन्होंने कहा कि अब बीजेपी के पास कांग्रेस के खिलाफ बोलने के लिए कुछ भी नहीं बचा है, वह सिर्फ कांग्रेस में फूट की बात ही कहती है और कुछ नहीं। जो संकल्प कांग्रेस लेकर चल रही है उनको बीजेपी गलत नहीं बता सकती। क्योंकि अब बीजेपी में फूट पड़ी हुई है।
मुख्यमंत्री को खुद ही बताना पड़ रहा है कि वे कहीं नहीं जा रहे, वे कुर्सी पर बने रहेंगे। आदमपुर उपचुनाव में 42 प्रतिशत वोट कांग्रेस को मिली। जबकि जिला परिषद चुनावों में बीजेपी ने अपने निशान पर उम्मीदवार उतारे और उन्हें जनता ने नकार दिया। वहीं हिमाचल के अंदर भी कांग्रेस ने बदलाव कर दिया। अब भारत जोड़ो यात्रा इतिहास पलट रही है। आत्म मंथन की जरूरत बीजेपी को है ना कि कांग्रेस को।







