Home Haryana 30 दिन की फरलो पर जेल से बाहर आया राम रहीम, 16वीं...

30 दिन की फरलो पर जेल से बाहर आया राम रहीम, 16वीं बार मिली राहत

12
0

रोहतक। साध्वी यौन उत्पीड़न मामले में सजा काट रहा डेरा सच्चा सौदा प्रमुख गुरमीत राम रहीम सिंह मंगलवार सुबह 30 दिन की फरलो पर सुनारिया जेल से बाहर आ गया। यह 16वीं बार है जब राम रहीम को जेल से बाहर आने की अनुमति मिली है। फरलो मिलने के बाद वह कड़ी सुरक्षा के बीच सिरसा डेरे के लिए रवाना हुआ।

जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब छह बजे सिरसा से दो लग्जरी गाड़ियां सुनारिया जेल पहुंचीं। हनीप्रीत खुद राम रहीम को लेने जेल पहुंची थी। उसके साथ वकील और अन्य सहयोगी भी मौजूद रहे। आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी होने के बाद सुबह 6 बजकर 32 मिनट पर राम रहीम का काफिला जेल से रवाना हुआ।

राम रहीम लैंड क्रूजर और फॉर्च्यूनर गाड़ियों के काफिले में सिरसा डेरे के लिए निकला। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस की कई गाड़ियां भी काफिले के साथ रहीं। जेल के बाहर और आउटर हिसार बाईपास स्थित जेल मोड़ के आसपास भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।

बताया जा रहा है कि हरियाणा सरकार ने सोमवार को राम रहीम को 30 दिन की फरलो मंजूर की थी। इससे पहले जनवरी 2026 में भी उसे 40 दिन की पैरोल मिली थी। फरलो की अवधि के दौरान वह सिरसा स्थित डेरा मुख्यालय में रहेगा।

गौरतलब है कि पंचकूला स्थित सीबीआई की विशेष अदालत ने वर्ष 2017 में साध्वी यौन उत्पीड़न मामले में राम रहीम को दोषी करार दिया था। इसके बाद से वह रोहतक की सुनारिया जेल में सजा काट रहा है। राम रहीम को बार-बार पैरोल और फरलो मिलने को लेकर पहले भी राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर बहस होती रही है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here