अंबाला छावनी: अंबाला छावनी के सदर बाजार चौक पर आम आदमी पार्टी की नेत्री चित्रा सरवारा की अध्यक्षता में पंचकूला में सरपंचों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में भाजपा-जजपा सरकार का पुतला फूंका गया। कार्यकर्ताओं ने खट्टर और दुष्यंत चौटाला का पुतला फूंकते हुए अपना रोष प्रकट किया। इस अवसर पर आप पार्टी की नेत्री चित्रा सरवारा ने पंचकूला में पंचायतों के चुने हुए जनप्रतिनिधियों पर हुए लाठीचार्ज की कड़े शब्दों में निंदा की।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों पर लाठियां बरसाना जनता का अपमान है। अपने लोकतांत्रिक अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले पंच-सरपंचों पर भाजपा-जजपा सरकार ने बर्बरता से कहर ढाया है। बार-बार लोकतंत्र को लहूलुहान करने वाली भाजपा-जजपा को हरियाणा की जनता कभी माफ नहीं करेगी। चित्रा ने कहा कि वक्त सबका हिसाब लेगा। उन्होंने सवाल किया कि सरकार को यदि पंचायतों को अधिकार नहीं देने थे तो चुनाव क्यों कराया था। प्रजातंत्र में सत्ता का जितना अधिक विकेंद्रीकरण होगा भ्रष्टाचार पर उतना ही अधिक अंकुश लगेगा।
चित्रा ने कहा कि हरियाणा में पहले दो साल तक पंचायतों के चुनाव न कराकर सरकार ने गांवों में विकास के काम को रोके रखा। अब चुनाव हो गए तो अपनी जिद पर अड़ी भाजपा-जजपा सरकार मनमाने फरमान लाकर गांवों में विकास को पूरी तरह ठप कर रही है। इस सरकार ने पंचों-सरपंचों की पगड़ी को भी उछालने का काम किया है। सरकार तानाशाही की सीमाओं को पार करती जा रही है।
गांव के मुखिया जब प्रदेश के मुखिया से बात करने आए तो प्रदेश के मुखिया ने उन पर लाठियां बरसाई। ये लाठियां किसी एक व्यक्ति या पद पर नहीं, लोकतन्त्र, संविधान और गांव के जनमत पर बरसाई हैं सरकार के कल सब सत्ताधारी गठबंधन के मुखिया और साथी गांव में जाएंगे तो वो ग्रामीण लोगो से किस व्यावहार की उम्मीद रखते हैं? ग्रामीण इलाकों में अपने मिटते जनाधार से बौखलाए सत्ताधारी आज ये लाठी का सहारा ले रही है।







