सोनीपत। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा 12वीं कक्षा के भूगोल विषय की परीक्षा आयोजित की गई। बोर्ड अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि परीक्षा के दौरान प्रदेशभर में अनुचित साधनों के प्रयोग के कुल 31 मामले सामने आए। इसके साथ ही दो पर्यवेक्षकों को परीक्षा ड्यूटी से कार्यमुक्त भी किया गया।
उन्होंने बताया कि बोर्ड की विशेष आरएएफ उड़नदस्ते ने सोनीपत जिले के परीक्षा केंद्र राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बिधलान में अनियमितता पकड़ी। जांच के दौरान पाया गया कि परीक्षा समाप्त होने के करीब 5 से 7 मिनट बाद भी एक कमरे में पेपर जारी था। इस केंद्र के कमरा नंबर 11 में पर्यवेक्षक के रूप में प्रीतम रानी तैनात थीं।
मौके पर दो महिलाएं और एक व्यक्ति भी मौजूद पाए गए। पूछताछ के दौरान इन लोगों ने उड़नदस्ते के साथ कथित तौर पर अभद्र व्यवहार किया और धक्का-मुक्की कर परीक्षा केंद्र से बाहर निकल गए। इस दौरान उन्हें रोकने या सहयोग करने में किसी भी स्टाफ ने सहायता नहीं की। इस कमरे में परीक्षा दे रहे सभी 24 विद्यार्थियों के खिलाफ अनुचित साधन (यूएमसी) का मामला दर्ज किया गया।
बोर्ड की जांच में यह भी सामने आया कि उक्त तीनों व्यक्ति—वीना कुमारी, मंजू देवी और नवीन कुमार (सेवादार, एचकेआरएन)—इसी विद्यालय से संबंधित थे और उनके पास मोबाइल फोन भी पाए गए। विद्यालय परिसर में लगे बैनर, वीडियो रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की पुष्टि होने के बाद केंद्र अधीक्षक को इनके खिलाफ केस दर्ज कराने के निर्देश दिए गए।
इसके अतिरिक्त, इसी उड़नदस्ते ने खरखोदा स्थित दो अन्य परीक्षा केंद्रों पर भी कार्रवाई की। राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय खरखोदा-1 (बी-1) में नियुक्त पर्यवेक्षक नरेंद्र कुमार तथा खरखोदा-2 (बी-2) में नियुक्त पर्यवेक्षक अशोक कुमार को छात्रों पर नियंत्रण न रख पाने के कारण परीक्षा ड्यूटी से हटाया गया। अन्य उड़नदस्तों द्वारा प्रदेश के विभिन्न केंद्रों पर कुल 7 नकल के मामले दर्ज किए गए।







