फरीदाबाद | फरीदाबाद जिले में गुरुवार रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ, जिसमें 15 वर्षीय किशोर की मौके पर ही मौत हो गई। यह दुर्घटना फतेहपुर बिल्लौच और डीग के बीच हनुमान मंदिर के पास हुई, जब तेज रफ्तार बस ने पीछे से बाइक को टक्कर मार दी।
जानकारी के अनुसार, फतेहपुर बिल्लौच गांव निवासी आजाद फोगाट का बेटा बॉबी रात के समय बाइक से घर लौट रहा था। मंदिर के पास अचानक तेज गति से आई बस ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बॉबी बाइक से गिर पड़ा और बस के नीचे कुचल गया।
परिजन उसे तुरंत सेक्टर-8 स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया है।
पुलिस ने अज्ञात बस चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भिजवाया गया है। गांव में शोक का माहौल है और लोग इस हादसे से सदमे में हैं।







