झज्जर | कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए बयान पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ ने तीखा पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि जो राजनीतिक दल मर्यादा लांघते हैं, जनता समय आने पर उन्हें करारा जवाब देती है। देश को किसी खड़गे के प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं है, प्रधानमंत्री मोदी के काम खुद उनकी पहचान हैं।
गौरतलब है कि कांग्रेस प्रमुख खड़गे ने पीएम मोदी को झूठा बताते हुए उनके 11 साल के कार्यकाल में 33 कथित गलतियां गिनाई थीं। इसी को लेकर झज्जर में पत्रकारों से बातचीत करते हुए ओमप्रकाश धनखड़ ने मोदी सरकार की उपलब्धियों का ब्योरा दिया और विपक्ष पर निशाना साधा।
कांग्रेस को एक परिवार चला रहा है: धनखड़
धनखड़ ने कांग्रेस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भाजपा एक कैडर आधारित पार्टी है जहां कार्यकर्ताओं से नेता बनते हैं, जबकि कांग्रेस अब भी एक परिवार द्वारा संचालित होती है। उन्होंने कांग्रेस पर्यवेक्षक द्वारा खुले में जिला अध्यक्ष चुनने की बात पर भी चुटकी ली।
हिसार एयरपोर्ट पर भी दिया जवाब
कांग्रेस सांसद दीपेंद्र हुड्डा द्वारा हिसार एयरपोर्ट के बार-बार उद्घाटन पर उठाए गए सवाल पर धनखड़ ने कहा कि जब-जब कोई नई सुविधा शुरू होती है, तब उसका उद्घाटन होता है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि हुड्डा बताएं कि उनके कार्यकाल में हरियाणा में कितने हवाईअड्डे बने? वे तो कभी रोहतक, कभी बहादुरगढ़ में जमीन ही खोजते रह गए। आज हिसार से अयोध्या और चंडीगढ़ तक की उड़ानें चल रही हैं।







