चरखी दादरी । हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 12वीं कक्षा के परिणामों में चरखी दादरी की वैश्य कन्या सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा नैंसी ने कॉमर्स स्ट्रीम में 500 में से 493 अंक प्राप्त कर राज्य की टॉप-10 मेरिट सूची में चौथा स्थान हासिल किया है। उल्लेखनीय बात यह है कि नैंसी ने यह सफलता बिना किसी कोचिंग के हासिल की है।
टॉपर बनीं दोनों बहनें, घर में जश्न का माहौल
नैंसी दो बहनों में सबसे बड़ी हैं और उनकी छोटी बहन भी 9वीं कक्षा में टॉपर रही है। नैंसी की इस उपलब्धि से परिवार में खुशी का माहौल है। बेटी की इस सफलता ने न केवल माता-पिता का सपना साकार किया है, बल्कि क्षेत्र में भी गर्व की भावना जगाई है। नैंसी का लक्ष्य है कि वह आगे चलकर चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) बने।
अकाउंट और इकोनॉमिक्स में पूरे अंक
नैंसी ने अकाउंटेंसी और अर्थशास्त्र विषयों में पूर्ण 100 अंक प्राप्त किए हैं। वह चरखी दादरी के एमसी कॉलोनी निवासी संदीप और सुमन देवी की बेटी हैं। संदीप एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं जबकि सुमन देवी गृहिणी होने के साथ-साथ बच्चों की पढ़ाई में सक्रिय भूमिका निभाती हैं।
जयपुर में ले रही है सीए की कोचिंग
परिवार के अनुसार, नैंसी इस समय जयपुर में सीए की तैयारी कर रही है। माता-पिता ने बताया कि नैंसी का पढ़ाई के प्रति समर्पण शुरुआत से ही रहा है। पूरे वर्ष उन्होंने नियमित रूप से पढ़ाई की और कभी भी पढ़ाई में लापरवाही नहीं की। उन्होंने कहा कि यदि बच्चों को प्रारंभ से ही सही मार्गदर्शन मिले और पढ़ाई का अनुकूल माहौल दिया जाए, तो वे बिना दबाव के भी उच्च स्तर की सफलता प्राप्त कर सकते हैं।







