Home Crime अंबाला कैंट में 19 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या, दोस्त की...

अंबाला कैंट में 19 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या, दोस्त की बहन से छेड़छाड़ रोकना बना वजह, 6 आरोपी गिरफ्तार

190
0

अंबाला । अंबाला कैंट के खोजकीपुर क्षेत्र में रविवार शाम एक 19 वर्षीय युवक की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। बताया जा रहा है कि युवक ने अपने दोस्त की बहन से छेड़छाड़ करने से एक व्यक्ति को रोका था, जिस पर विवाद बढ़ गया और देखते ही देखते यह घटना खूनी रूप में सामने आई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए महज 24 घंटे के भीतर 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सभी को आज अदालत में पेश कर रिमांड पर लेने की तैयारी की जा रही है।

मृतक कर रहा था विदेश जाने की तैयारी

मृतक की पहचान अजीत नगर निवासी हार्दिक के रूप में हुई है। हार्दिक अपने परिवार का इकलौता बेटा था और विदेश जाने की योजना के तहत आईलेट्स की तैयारी कर रहा था। उसके पिता सेना में थे, जिनका कुछ समय पूर्व निधन हो चुका है। चचेरे भाई ने बताया कि हार्दिक एक जिम्मेदार और शांत स्वभाव का युवक था।

बातचीत के बाद हमले में बदला विवाद

पुलिस के अनुसार, रविवार शाम हार्दिक अपने दोस्तों के साथ खोजकीपुर के मैदान में मौजूद था। तभी एक युवक वहां से गुजरा, जिसे हार्दिक ने दोस्त की बहन को परेशान करने से मना किया। बात इतनी बढ़ गई कि आरोपी ने फोन कर 10 अन्य युवकों को मौके पर बुला लिया। समूह ने मिलकर हार्दिक पर चाकू से हमला कर दिया। उसकी कमर और पेट पर गंभीर वार किए गए, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। आरोपियों में एक के पिता पर भी हमले में शामिल होने के आरोप हैं।

पुलिस ने तत्परता से की कार्रवाई

घटना के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे, लेकिन पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले की तह तक पहुंचकर 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पुलिस ने बताया कि सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहां से उनका पुलिस रिमांड लिया जाएगा ताकि पूछताछ में और जानकारी जुटाई जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here