झज्जर | झज्जर के डीघल चौकी के तहत आने वाले गांव धांधलान में सोशल मीडिया पर फेमस इन्फ्लुएंसर राहुल धांधलानिया पर बाइक सवार युवकों ने जानलेवा हमला किया। बीती रात दो युवकों ने राहुल के घर पर फायरिंग की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। इस घटना के बाद पुलिस को सूचना दी गई और जांच शुरू कर दी गई है।
राहुल के भाई रिंकु ने पुलिस को बताया कि वह शनिवार रात घर की छत पर टहल रहे थे, जब बाइक पर सवार दो युवकों ने राहुल का नाम लेकर धमकाया। युवक बोले, “आज हम तुझे सबक सिखाने आए हैं।” रिंकु ने युवक से जवाबी तौर पर कहा, “मेरे ऊपर गोली चलाओ।” इस दौरान एक युवक ने अपना नाम अभिषेक पूनिया बताया और धमकी दी कि राहुल के खिलाफ वीडियो बनाने के कारण वह और उनका परिवार खतरे में है।
रिंकु ने बताया कि जैसे ही दोनों युवक फायरिंग के बाद भागने लगे, उसने बाइक की चाबी निकाल ली और एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दूसरा भागने में सफल हो गया। पकड़े गए युवक को पुलिस के हवाले किया गया, हालांकि पुलिस की तरफ से इसकी पुष्टि नहीं की गई है।
डीघल चौकी प्रभारी राकेश कुमार ने बताया कि इस मामले की शिकायत मिली है और पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू कर दी है। दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है, लेकिन अभी तक किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।







