जींद | हरियाणा के जींद में एक महिला की गला घोंटकर हत्या का मामला सामने आया है। महिला घर पर अकेली थी, क्योंकि उसके परिवार के सदस्य बेटे की बारात लेकर उत्तर प्रदेश गए हुए थे। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है, जो आज कराया जाएगा।
मृतका की पहचान 60 वर्षीय राजकुमारी के रूप में हुई है, जो अपने पति के साथ हिसार रोड फाटक के पास बने मकान में रहती थी और दुकान चलाती थी। राजकुमारी के छोटे बेटे सागर की शादी 5 मई को उत्तर प्रदेश के जिला ललितपुर के तेरहा गांव में तय हुई थी। इसके बाद उनका पति रिषीपाल और परिवार के सदस्य बारात लेकर चले गए थे, जिसके बाद राजकुमारी घर पर अकेली थी।
पड़ोसियों के अनुसार, 5 मई को बारात जाने के बाद राजकुमारी ने दुकान नहीं खोली। जब पड़ोसी मोनू ने शाम को दरवाजा खटखटाया तो भी कोई आवाज नहीं आई। इसके बाद 6 मई को जब संजय ने फिर से आवाज दी, और फिर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली, तो पुलिस को सूचित किया गया।
पुलिस मौके पर पहुंची और राजकुमारी का शव अर्धनग्न अवस्था में फर्श पर पड़ा हुआ पाया। घर के दराज और अलमारी खुली पड़ी थीं और सामान बिखरा हुआ था। राजकुमारी का गला सफेद कपड़े से घोंटा गया था। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि क्या घर में लूटपाट की गई है, इसका पता परिजनों के आने पर ही चलेगा। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है।







