यमुनानगर | हरियाणा-हिमाचल प्रदेश सीमा के पास साढौरा-कालाअंब रोड पर मंगलवार रात 10:15 बजे एक अनियंत्रित डंपर ने कार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा असगरपुर गांव के पास सैनी ढाबे के सामने हुआ, जिसमें कार सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। डंपर चालक दुर्घटना के बाद वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
मारे गए युवक हिमाचल के निवासी
मृतकों की पहचान 22 वर्षीय अतुल, विशाल और एक अन्य युवक के रूप में हुई है, जो हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले के भरमपुर से थे। तीसरे युवक की शिनाख्त अब तक नहीं हो सकी है।
हादसे में घायल हुए युवकों में 30 वर्षीय महेंद्र (हरिपुरधार निवासी) और 22 वर्षीय प्रवीण पुत्र मनीराम शामिल हैं। महेंद्र की हालत गंभीर बनी हुई है।
मित्र को छोड़ने आए थे साढौरा
पुलिस के अनुसार, सभी युवक हिमाचल प्रदेश से अपने एक साथी को छोड़ने के लिए साढौरा आए थे। लौटते वक्त यह हादसा हुआ। सूचना मिलने के बाद साढौरा पुलिस मौके पर पहुंची और तीनों शवों और घायलों को जगाधरी सिविल अस्पताल भेजा गया।







