Ambala, 25 April –फसल कटाई के बाद खेतों में बचे अवशेषों को जलाने वाले किसानों पर इस बार सख्त कार्रवाई की जाएगी। कृषि विभाग ने स्पष्ट किया है कि ऐसा करने पर न केवल जुर्माना लगेगा, बल्कि FIR भी दर्ज की जाएगी। विभाग इसको लेकर पूरी तैयारी में जुटा है।
फिलहाल खेतों में गेहूं की फसल पककर तैयार है और इसकी आवक मंडियों में शुरू हो चुकी है। इसके बाद अगली फसल की तैयारी में किसान अक्सर बचे हुए डंठलों और भूसे को आग के हवाले कर देते हैं, जिससे वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ जाता है और कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं उत्पन्न होती हैं।
इस समस्या से निपटने के लिए कृषि विभाग ने पिछली बार की तरह इस बार भी सख्ती बरतने का फैसला किया है। अंबाला के कृषि विभाग के डीडीए जसवीर ने जानकारी देते हुए बताया कि पराली जलाने पर आर्थिक दंड के साथ-साथ कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।उन्होंने किसानों से अपील की कि वे फसल अवशेष न जलाएं और इसके स्थान पर वैकल्पिक उपाय अपनाएं। साथ ही उन्होंने यह सुझाव भी दिया कि किसान इस दो महीने की अवधि में मूंग की फसल उगाएं, जिससे उन्हें अतिरिक्त आमदनी का लाभ भी मिलेगा।







