Home Haryana मंडवाल गांव में नशा तस्करों के ठिकानों पर पुलिस की दबिश, 100...

मंडवाल गांव में नशा तस्करों के ठिकानों पर पुलिस की दबिश, 100 जवानों ने चलाया सर्च ऑपरेशन

6
0

बलिंदर कुमार, कैथल। नशामुक्त हरियाणा अभियान के तहत कैथल पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में वीरवार सुबह राजौंद क्षेत्र के गांव मंडवाल में संदिग्ध नशा तस्करों के ठिकानों पर विशेष कॉम्बिंग अभियान चलाया गया। डीएसपी रोहताश के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान में स्निफर डॉग की भी मदद ली गई। पुलिस की 10 टीमों में शामिल करीब 100 कर्मचारियों ने गांव में संदिग्ध स्थानों की गहनता से तलाशी ली।

पुलिस महानिदेशक हरियाणा अजय सिंघल के आदेशों और एसपी मनप्रीत सिंह के नेतृत्व में जिले में नशा तस्करी के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत राजौंद थाना प्रभारी एसआई हरपाल और सीआईए कलायत प्रभारी एएसआई मनीष की टीमें भी कार्रवाई में शामिल रहीं।

कॉम्बिंग अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने गांव में संदिग्ध नशा तस्करों से जुड़े करीब 12 घरों के अलावा अन्य संभावित ठिकानों की जांच की। स्निफर डॉग की सहायता से यह पता लगाने का प्रयास किया गया कि कहीं किसी स्थान पर मादक पदार्थ छिपाकर तो नहीं रखे गए हैं। साथ ही, संदिग्ध गतिविधियों और गैरकानूनी कार्यों में शामिल लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई गई।

डीएसपी रोहताश ने कहा कि अभियान का उद्देश्य नशा तस्करों और अपराधियों पर शिकंजा कसने के साथ-साथ क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना और असामाजिक तत्वों में कानून का भय पैदा करना है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने बताया कि पुलिस की ओर से तलाशी अभियान के साथ-साथ ग्रामीणों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक भी किया गया। आमजन से अपील की गई कि यदि उन्हें अपने आसपास किसी व्यक्ति के नशा बेचने या अन्य आपराधिक गतिविधियों में शामिल होने की जानकारी मिलती है तो तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

डीएसपी ने कहा कि नशा तस्करों के लिए जेल ही सही जगह है। कैथल पुलिस का लक्ष्य पूरे जिले को नशामुक्त बनाना है और इस दिशा में अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here