Home Entertainment अक्षय कुमार के लिए कार बनाना पड़ा भारी, कर्ज में डूबा फैन

अक्षय कुमार के लिए कार बनाना पड़ा भारी, कर्ज में डूबा फैन

39
0
महम। हरियाणा के महम क्षेत्र के गांव खेड़ी का 21 वर्षीय पंकज फिल्म अभिनेता अक्षय कुमार का ऐसा प्रशंसक निकला, जिसने अपनी दीवानगी में पांच महीने तक लगातार मेहनत कर रोल्स-रॉयस जैसी कार तैयार कर दी। वह इस कार को अक्षय कुमार को गिफ्ट करना चाहता था, लेकिन मुंबई पहुंचकर उसे जो निराशा मिली, उसने उसके सपनों के साथ-साथ आर्थिक स्थिति को भी हिला दिया। पंकज रोहतक के एक ऑटोमोबाइल सर्विस सेंटर में डेंटर के रूप में काम करता था। उसने अपने तकनीकी ज्ञान का इस्तेमाल करते हुए रोहतक, दिल्ली, हिसार और भिवानी जैसे शहरों से पुराने स्पेयर पार्ट्स जुटाकर कार तैयार की। पिता की नाराजगी और आर्थिक तंगी के बावजूद उसने अपने सपने को पूरा करने की ठान ली। परिवार ने उसकी इस लगन में लगभग चार लाख रुपये महंगे ब्याज पर खर्च किए। अक्टूबर में कार तैयार होने के बाद पंकज ने मुंबई जाने का निर्णय लिया। उसे बताया गया कि अक्षय कुमार से मिलने का मौका मिलेगा। इस उम्मीद में उसने 1.10 लाख रुपये में कंटेनर किराए पर लेकर कार मुंबई भेजी और गांव के आठ लोगों के साथ खुद भी वहां पहुंच गया। ठहरने-खाने और अन्य खर्चों में करीब 1.20 लाख रुपये और लग गए। आठ दिन का इंतजार, मिला सिर्फ दूर से “हाय-हेलो” पंकज ने बताया कि वह अक्षय कुमार के पीएसओ और ड्राइवर से संपर्क में था, जिन्होंने मिलने का भरोसा दिलाया था। लेकिन छह दिन इंतजार करने के बाद जब अक्षय कुमार दूर से आए, तो केवल “हाय-हेलो” कहकर चले गए। दो दिन बाद बताया गया कि अभिनेता विदेश जा चुके हैं। यह सुनकर पंकज का मनोबल टूट गया और वह भारी निराशा में लौट आया। अब फिल्मों में किराए पर देगा कार, कर्ज उतारने की तैयारी पंकज की मेहनत और समर्पण की यह कहानी कई युवाओं के लिए सीख है। वह अब अपनी बनाई कार को हरियाणवी फिल्मों और नाटकों की शूटिंग के लिए किराए पर देने की योजना बना रहा है, ताकि इससे कुछ आमदनी हो सके। लगभग आठ लाख रुपये के कर्ज में डूब चुके पंकज ने अब दोबारा नौकरी शुरू करने का फैसला किया है। वह 10 नवंबर 2025 से रोहतक की महिंद्रा कंपनी में बतौर डेंटर काम शुरू करेगा ताकि अपने माता-पिता का कर्ज चुका सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here