Home Haryana हांसी में 18 वर्षीय पहलवान ने फंदा लगाकर दी जान, सुसाइड नोट...

हांसी में 18 वर्षीय पहलवान ने फंदा लगाकर दी जान, सुसाइड नोट में तीन लोगों के नाम

30
0

हांसी । गांव बास खुर्द निवासी 18 वर्षीय पहलवान धीरेंद्र ने संदिग्ध परिस्थितियों में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। वह भिवानी के महावीर स्टेडियम में कुश्ती की तैयारी कर रहा था और वहां किराए के कमरे में रहता था। शाम वह घर लौटा था और रात को खाना खाने के बाद पशुओं के बाड़े में सोने चला गया। सुबह करीब पांच बजे उसके चाचा ने उसे फंदे पर लटका देखा। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें भिवानी के तीन लोगों के नाम लिखे होने की बात सामने आई है।

परिजनों के अनुसार, सुसाइड नोट में भिवानी के प्रेमनगर निवासी दो सगे भाइयों और प्रेमनगर बिजली घर में काम करने वाले एक व्यक्ति का नाम शामिल है। हालांकि, परिवार को इन लोगों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है और न ही यह स्पष्ट है कि उनका धीरेंद्र से क्या संबंध था। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मामला पैसों के लेनदेन से जुड़ा हो सकता है, लेकिन आत्महत्या के वास्तविक कारणों की अभी पुष्टि नहीं हुई है।

बताया जा रहा है कि धीरेंद्र दो दिन पहले घर से करीब 48 हजार रुपये लेकर भिवानी गया था। वह महावीर स्टेडियम में कुश्ती का अभ्यास करता था और वहीं रहकर अपनी तैयारी जारी रखे हुए था। वह अपने साथ इतनी रकम क्यों लेकर गया था और उसका इस्तेमाल किस काम के लिए होना था, इस बारे में अभी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस सुसाइड नोट में लिखे नामों और पैसों के लेनदेन से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही है।

घटना की सूचना के बाद पुलिस ने मौके का निरीक्षण किया। साक्ष्य जुटाने के लिए फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम को भी बुलाया गया। पुलिस सुसाइड नोट और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि घटना से जुड़े तथ्यों का पता लगाया जा सके। बास थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर जय सिंह ने फोन पर बताया कि फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

परिजनों ने बताया कि धीरेंद्र पिछले सात से आठ वर्षों से कुश्ती की तैयारी कर रहा था। पिता की मौत से पहले वह जूनियर नेशनल स्तर पर पदक भी जीत चुका था। इसके बाद उसका चयन भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के हॉस्टल के लिए हुआ था। हालांकि, पिता के निधन के बाद उसकी कुश्ती की तैयारी प्रभावित हुई और वह ट्रायल में सफल नहीं हो सका। इसके बाद उसने भिवानी में किराए पर कमरा लेकर दोबारा अभ्यास शुरू किया था।

धीरेंद्र के परिवार में उसकी मां और बड़ा भाई हैं। उसका बड़ा भाई ड्राइवरी का काम करता है। धीरेंद्र कुश्ती में आगे बढ़कर अपना करियर बनाना चाहता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। सुसाइड नोट में जिन लोगों के नाम होने की बात सामने आई है, उनसे जुड़े पहलुओं और संभावित आर्थिक लेनदेन की पड़ताल के बाद ही आत्महत्या की वजह स्पष्ट हो पाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here