भिवानी। गांव कालौद में शराब ठेके के पास पिकअप गाड़ी में बैठे दो युवकों पर हमला करने और वाहन में तोड़फोड़ करने के मामले में पुलिस ने मुठभेड़ के बाद एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला नागरिक अस्पताल भिवानी में भर्ती कराया गया है। इस हमले में गंभीर रूप से घायल हुए एक युवक की उपचार के दौरान मौत हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, रात करीब 11:30 बजे कालौद निवासी विवेक अपने साथी अनिल के साथ पिकअप गाड़ी में बैठा था। इसी दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो में सवार होकर राजेश उर्फ मोटू, विकास उर्फ मोटिया, सोनू, निर्मल, कुलदीप और राहुल धनखड़ वहां पहुंचे। शिकायतकर्ता विवेक ने आरोप लगाया कि स्कॉर्पियो से उतरे युवकों के हाथों में गंडासी, लोहे की नोजल, लाठी, बांस के डंडे और लकड़ी की फाटकी थी। उन्होंने दोनों युवकों पर हमला कर दिया।
शिकायत के मुताबिक, राजेश ने अनिल को पिकअप से बाहर खींचकर उसके सिर पर गंडासी से वार किया, जबकि अन्य आरोपियों ने लाठी-डंडों और दूसरे हथियारों से दोनों युवकों की पिटाई की। हमलावरों ने पिकअप गाड़ी पर भी गंडासी से वार किए और उसके शीशे तोड़कर वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। आरोपियों ने दोनों युवकों को जान से मारने की धमकी भी दी। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तो सभी आरोपी स्कॉर्पियो में बैठकर फरार हो गए।
घटना में घायल दोनों युवकों को पहले हिसार के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बाद में उन्हें सपरा अस्पताल रेफर किया गया। गंभीर रूप से घायल 30 वर्षीय अनिल ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। इसके बाद मामले में पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए।
सिवानी थाना पुलिस ने विवेक की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया था। इसी मामले में कालौद निवासी विकास उर्फ मोटिया को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद काबू किया। मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस उसे जिला नागरिक अस्पताल लेकर पहुंची।
पुलिस अधीक्षक मयंक मिश्रा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का पटाक्षेप कर दिया जाएगा। हालांकि, उपलब्ध जानकारी के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई थी।




