Home Crime आईजी और वरिष्ठ अधिकारियों पर आरोप, एडीजीपी ने की खुदकुशी

आईजी और वरिष्ठ अधिकारियों पर आरोप, एडीजीपी ने की खुदकुशी

64
0

हरियाणा |  हरियाणा कैडर के 2001 बैच के वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी एडीजीपी वाई पूरण कुमार ने मंगलवार को चंडीगढ़ के सेक्टर-11 स्थित अपने आवास में आत्महत्या कर ली। पुलिस सूत्रों के अनुसार, पूरण कुमार ने अपने घर के बेसमेंट में बने साउंडप्रूफ मूवी थिएटर में सोफे पर बैठकर कनपटी में गोली मारी। मौके पर पुलिस ने आठ पेज का सुसाइड नोट और एक पेज की वसीयत बरामद की है।

सुसाइड नोट में उन्होंने कई वरिष्ठ अधिकारियों पर तंग करने, जातिवाद, पोस्टिंग में भेदभाव, एसीआर में गड़बड़ी और सरकारी आवास न मिलने जैसे गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने अपनी संपत्ति पत्नी के नाम करने की भी बात लिखी।

सूत्रों के अनुसार, पूरण कुमार हाल ही में रोहतक रेंज के आईजी पद से हटाए गए थे और उन्हें सुनारिया पुलिस ट्रेनिंग कॉलेज में आईजी बनाया गया था। इससे पहले उनके सुरक्षा अधिकारी सुशील कुमार के खिलाफ शराब ठेकेदार प्रवीण बंसल की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई थी, जिसमें रिश्वत की मांग और ऑडियो क्लिप का हवाला दिया गया।

घटना के समय घर में कोई नहीं था, उनकी पत्नी जापान दौरे पर थीं और बड़ी बेटी विदेश में पढ़ाई कर रही हैं। छोटी बेटी ने पिता को खून से लथपथ देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर फॉरेंसिक टीम और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ जांच शुरू की।

आईजी पूरण कुमार का पोस्टमार्टम उनकी पत्नी के लौटने के बाद मेडिकल बोर्ड द्वारा किया जाएगा। घटना की गंभीरता को देखते हुए हरियाणा पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here