चंडीगढ़,4 मार्च-:हरियाणा सरकार ने रबी विपणन सीजन 2026-27 के तहत दालों और तिलहन फसलों की खरीद का कार्यक्रम घोषित कर दिया है।राज्य में मसूर की सरकारी खरीद 20 मार्च से 30 अप्रैल तक की जाएगी।सरसों की खरीद 28 मार्च से शुरू होकर 1 मई तक चलेगी,जबकि चने की खरीद 1 अप्रैल से 10 मई तक निर्धारित की गई है।इसके अलावा, ग्रीष्मकालीन मूंग की खरीद 15 मई से 20 जून तक और सूरजमुखी की खरीद 1 जून से 30 जून तक होगी।
मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी ने मंगलवार को चंडीगढ़ में मूल्य समर्थन योजना (पीएसएस) के अंतर्गत सरसों,चना,मसूर, सूरजमुखी और ग्रीष्मकालीन मूंग की खरीद तैयारियों की समीक्षा की।बैठक में अधिकारियों ने जानकारी दी कि वर्ष 2025-26 के दौरान प्रमुख फसलों के रकबे और उत्पादन में बढ़ोतरी दर्ज की गई है।अनुमान के अनुसार,सरसों का उत्पादन करीब 13.17 लाख टन रहने की संभावना है। सूरजमुखी का उत्पादन लगभग 0.70 लाख टन आंका गया है। चना और मसूर के उत्पादन में भी वृद्धि दर्ज की गई है,जबकि ग्रीष्मकालीन मूंग का उत्पादन लगभग 98 टन तक पहुंचने का अनुमान है।मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद प्रक्रिया समयबद्ध और पारदर्शी ढंग से पूरी की जाए, ताकि किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) का लाभ समय पर मिल सके।साथ ही किसानों को एमएसपी और खरीद व्यवस्था के बारे में जागरूक करने पर भी जोर दिया गया।सीजन 2026-27 के लिए तय न्यूनतम समर्थन मूल्य के अनुसार, सरसों का एमएसपी 6,200 रुपये प्रति क्विंटल, चना 5,875 रुपये, मसूर 7,000 रुपये, सूरजमुखी 7,721 रुपये और ग्रीष्मकालीन मूंग 8,768 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया गया है।







