फतेहाबाद | हरियाणा के फतेहाबाद में बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया, जब सिरसा जा रही पानीपत डिपो की रोडवेज बस का ओवरब्रिज चढ़ते वक्त अचानक टायर फट गया। धमाका इतना तेज था कि बस में हड़कंप मच गया। बस में 80 से ज्यादा यात्री सवार थे, जिनमें कई कॉलेज छात्र भी शामिल थे।
हादसा फतेहाबाद के धांगड़ गांव फ्लाईओवर पर हुआ। टायर फटने से बस हिल गई, लेकिन चालक ने घबराए बिना फुर्ती से बस को संभाला और सड़क किनारे रोक दिया। चालक की सूझबूझ से एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया और सभी यात्री सुरक्षित रहे।
घटना की जानकारी मिलते ही रोडवेज ने दूसरी बस भेजकर यात्रियों को गंतव्य तक पहुंचाया। क्रेन मंगाकर क्षतिग्रस्त बस को हटाया गया और वर्कशॉप भेजा गया।
रोडवेज विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। यह घटना एक बार फिर दिखाती है कि बसों की मेंटेनेंस और अनुभवी चालकों की सतर्कता कितनी जरूरी है।







