बलविंदर कुमार , कैथल। जिले की अनाज मंडियों में फसल की खरीद और उठान का कार्य तेजी से जारी है। अब तक मंडियों में करीब 4 लाख 62 हजार मीट्रिक टन फसल की खरीद की जा चुकी है, जबकि 3 लाख 25 हजार मीट्रिक टन फसल का उठान पूरा हो चुका है। जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक (डीएफएससी) वीरेंद्र सिंह ने बताया कि प्रशासन का प्रयास है कि मंडियों में खरीद और उठान की व्यवस्था सुचारू बनी रहे, ताकि किसानों और आढ़तियों को किसी तरह की परेशानी न हो।
डीएफएससी वीरेंद्र सिंह के अनुसार, जिले की सभी अनाज मंडियों में उठान का काम लगातार चल रहा है। आने वाले दिनों में इसमें और तेजी लाने की योजना है, ताकि खरीदी गई फसल को समय पर मंडियों से बाहर पहुंचाया जा सके। इससे मंडियों में जगह खाली होगी और नई फसल लेकर आने वाले किसानों को अपनी उपज उतारने के लिए पर्याप्त स्थान मिलेगा।
उन्होंने बताया कि फसल के उठान में तेजी लाने के लिए ठेकेदार की ओर से 120 गाड़ियां लगाई गई हैं। इसके अलावा राइस मिलरों ने भी अपने स्तर पर वाहनों की व्यवस्था की है। इन प्रयासों से उठान कार्य को गति मिल रही है और मंडियों में फसल के भंडारण के लिए जगह उपलब्ध हो रही है।
वीरेंद्र सिंह ने कहा कि फिलहाल जिले की मंडियों में किसी तरह की समस्या नहीं है। किसान, आढ़ती और राइस मिलर आपसी तालमेल के साथ काम कर रहे हैं। सभी के सहयोग से खरीद और उठान की प्रक्रिया सुचारू रूप से संचालित हो रही है।
उन्होंने कहा कि विभाग की प्राथमिकता खरीदी गई फसल का समय पर उठान सुनिश्चित करना और किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की असुविधा से बचाना है। इसके लिए उठान व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और जरूरत के अनुसार इसे और मजबूत किया जा रहा है।







