जींद। अलेवा गांव के सरपंच विनोद कुमार दुलगच को अंतरराष्ट्रीय नंबरों से फोन कर गाली-गलौज करने और गोली मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। सरपंच ने इस संबंध में पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह को शिकायत देकर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने और कॉल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। एसपी ने मामले की निष्पक्ष जांच करवाकर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सरपंच विनोद कुमार के अनुसार, गांव में सीवरेज पाइपलाइन बिछाने के लिए वह कुछ ग्रामीणों के साथ भिवानी जिले के तालू भानाना स्थित संत रामपाल के पास गए थे। वहां जाने के बाद कुछ लोगों ने इस पर आपत्ति जताई, जिसके चलते विवाद की स्थिति बन गई थी।
सरपंच ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनके मोबाइल फोन पर दो अलग-अलग अंतरराष्ट्रीय नंबरों से कॉल आईं। कॉल करने वालों ने उनके साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया और गोली मारने की धमकी दी। इस घटना के बाद सरपंच ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
विनोद कुमार ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि दोनों नंबरों से कॉल करने वालों की पहचान की जाए और मामले की गंभीरता से जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह ने शिकायत पर निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई का भरोसा दिया है।







