Home Haryana फरीदाबाद में लव मैरिज के 16 साल बाद पति की हत्या, पत्नी...

फरीदाबाद में लव मैरिज के 16 साल बाद पति की हत्या, पत्नी और बाउंसर प्रेमी गिरफ्तार

6
0

अनिल मंगला, फरीदाबाद। हरियाणा के फरीदाबाद में 16 साल पहले प्रेम विवाह करने वाले गोपाल (37) की हत्या के मामले में पुलिस ने उसकी पत्नी काजल और उसके कथित प्रेमी योगेंद्र को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, दोनों के बीच गोपाल और काजल के रिश्ते को लेकर विवाद चल रहा था। आरोप है कि इसी विवाद के चलते काजल ने योगेंद्र के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। वारदात को अंजाम देने के बाद काजल ने घर में बदमाशों के घुसने और गोपाल के साथ मारपीट करने की कहानी बताई, लेकिन पुलिस की जांच और पूछताछ में मामले का खुलासा हो गया।

पुलिस के मुताबिक, गोपाल मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले के गांव कुंवरपुर का रहने वाला था। वह करीब 20 साल से फरीदाबाद की एक कंपनी में मशीन ऑपरेटर के रूप में काम कर रहा था। चार भाइयों में सबसे बड़ा गोपाल अपने परिवार का खर्च चलाने के साथ गांव में बने मकान के लिए भी पैसे भेजता था। उसके भाई अशोक (34) और चंद्रवीर (26) गोवा में बाउंसर का काम करते हैं, जबकि भूरा (31) हाथरस में ड्राइवर है।

गोपाल के भाई भूरा के अनुसार, करीब 16 साल पहले गोपाल की मुलाकात कंपनी में काम करने के दौरान काजल से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और बाद में काजल अपने पहले पति को छोड़कर गोपाल के साथ हाथरस आ गई। काजल की पहली शादी से एक बेटी शालनी भी थी, जिसकी उम्र उस समय करीब पांच साल थी। इसके बाद गोपाल और काजल ने हाथरस में कोर्ट मैरिज कर ली।

शादी के कुछ समय बाद गोपाल ने गांव में मकान बनवाया और काजल बच्चों के साथ वहीं रहने लगी, जबकि गोपाल नौकरी के सिलसिले में फरीदाबाद में रहता था। वह समय-समय पर गांव जाकर पत्नी और बच्चों से मिलता था। दोनों के तीन बच्चे तनुज (10), हन्नी (6) और भूरी (3) हैं। काजल की पहली शादी से हुई बेटी शालनी अब 19 साल की है और वह भी गांव में रहती थी।

परिवार के मुताबिक, करीब तीन साल पहले गोपाल के घर से लगभग 500 मीटर दूर रहने वाले योगेंद्र का उनके यहां आना-जाना शुरू हुआ था। गोपाल और योगेंद्र की दोस्ती थी और जब गोपाल गांव आता था तो योगेंद्र उससे मिलने घर पहुंचता था। आरोप है कि बाद में योगेंद्र ने गोपाल की गैरमौजूदगी में भी घर आना शुरू कर दिया और उसके काजल के साथ संबंध बन गए।

गोपाल के परिजनों को जब काजल और योगेंद्र के रिश्ते के बारे में पता चला तो उन्होंने इसका विरोध किया। परिवार का आरोप है कि काजल उन्हें फंसाने की धमकी देती थी। कुछ समय बाद गोपाल को भी दोनों के संबंधों की जानकारी मिल गई, जिसके बाद पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ने लगा। परिजनों के अनुसार, इसी कारण गोपाल कई महीनों से गांव स्थित अपने घर नहीं गया था।

पुलिस की जांच के अनुसार, इसी पारिवारिक विवाद के बीच काजल ने योगेंद्र के साथ मिलकर गोपाल की हत्या की योजना बनाई। गोपाल के भाई भूरा ने बताया कि 13 अक्टूबर को काजल बच्चों को लेकर फरीदाबाद आ गई थी। अगले दिन 14 अक्टूबर को उसने योगेंद्र को भी फरीदाबाद बुला लिया।

पुलिस के मुताबिक, 14 और 15 अक्टूबर की दरमियानी रात गोपाल शराब पीकर घर पहुंचा था। वह काजल के साथ एक कमरे में सो रहा था, जबकि बच्चे दूसरे कमरे में थे। आरोप है कि इसी दौरान काजल ने सब्जी काटने वाले चाकू से गोपाल की गर्दन पर कई वार किए। गंभीर चोटों के कारण गोपाल की मौत हो गई।

वारदात के बाद परिवार को फोन कर सूचना दी गई। गोपाल के भाई भूरा के अनुसार, उनकी भतीजी शालनी ने फोन करके बताया कि गोपाल बेहोश पड़ा है और उन्हें तुरंत घर पहुंचने को कहा। जब उन्होंने काजल से बात की तो उसने दावा किया कि कुछ बदमाश घर में घुस आए थे और गोपाल के साथ मारपीट करके चले गए। हालांकि, मौके पर पहुंचने पर परिवार को उसकी बातों पर संदेह हुआ। परिजनों के पहुंचने से पहले ही पुलिस काजल को अपने साथ ले जा चुकी थी।

पुलिस प्रवक्ता यशपाल के अनुसार, जांच में सामने आया कि गोपाल की हत्या के पीछे पारिवारिक विवाद और काजल के कथित प्रेम संबंधों की भूमिका थी। पुलिस ने काजल और योगेंद्र को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों के खिलाफ हत्या से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

गोपाल के भाई अशोक ने उसकी बड़ी बेटी शालनी की भूमिका पर भी संदेह जताया था, लेकिन पुलिस के अनुसार, अब तक की जांच में उसकी संलिप्तता सामने नहीं आई है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here