Home Haryana फरुखनगर में महिला की संदिग्ध मौत, पति पर गला दबाकर हत्या करने...

फरुखनगर में महिला की संदिग्ध मौत, पति पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप

4
0

फरुखनगर (गुरुग्राम)। हरियाणा के गुरुग्राम जिले के फरुखनगर कस्बे के वार्ड-2 में 27 वर्षीय महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका के मायके वालों ने उसके पति पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों का दावा है कि घटना के बाद पति महिला के शव को सेक्टर-88 स्थित निजी अस्पताल में छोड़कर अपने 10 महीने के बच्चे को लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

मृतका की पहचान भावना शर्मा के रूप में हुई है। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले के पिलखुवा गांव की रहने वाली थी। दिसंबर 2024 में उसकी शादी मोकलवास निवासी गौतम शर्मा से हुई थी। शादी के बाद दोनों फरुखनगर के वार्ड-2 स्थित अपने मकान में रह रहे थे। दंपती का एक 10 महीने का बेटा है।

मायके वालों के अनुसार, शाम भावना ने फोन करके बताया था कि उसका पति उसके साथ मारपीट कर रहा है और उसका गला दबाने का प्रयास कर रहा है। परिजनों का आरोप है कि कुछ समय बाद गौतम ने उन्हें फोन कर सूचना दी कि भावना ने जहरीला पदार्थ निगल लिया है। इसके बाद वह उसे सेक्टर-88 स्थित एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां चिकित्सकों ने भावना को मृत घोषित कर दिया।

आरोप है कि महिला की मौत के बाद गौतम अस्पताल से चला गया। जब मायके पक्ष के लोग फरुखनगर स्थित घर पहुंचे तो वहां सामान बिखरा हुआ मिला। परिजनों के मुताबिक, दंपती का 10 महीने का बच्चा भी घर पर नहीं था। उन्हें आशंका है कि गौतम बच्चे को अपने साथ लेकर गया है।

घटना के बाद मायके पक्ष ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपी पति के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है। परिजनों के आरोपों की पुलिस जांच कर रही है। फिलहाल महिला की मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि नहीं हुई है।

पुलिस के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस आरोपी पति की तलाश में जुटी है और मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here