पलवल (सुन्दर कुंडू)। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने वीरवार शाम भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक दीपक मंगला के निवास पर पहुंचकर उनके पिता स्वर्गीय लाला वेद प्रकाश मंगला के निधन पर शोक व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय वेद प्रकाश मंगला का जीवन समाजसेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा। उन्होंने करीब 93 वर्ष का सार्थक जीवन जिया और अपने परिवार को उच्च जीवन मूल्यों एवं सामाजिक सेवा के संस्कार दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके द्वारा दिए गए संस्कार परिवार के लिए हमेशा प्रेरणास्रोत बने रहेंगे।
शोक व्यक्त करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस को झूठ और दुष्प्रचार फैलाने वाली पार्टी बताते हुए कहा कि विपक्ष के पास अब कोई ठोस मुद्दा नहीं बचा है, इसलिए वह कथित वोट चोरी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे जैसे मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रहा है। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता सुबह से ही झूठ फैलाने में जुट जाते हैं और जनता को गुमराह करने का प्रयास करते हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार पर सवाल उठाते हुए सैनी ने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में किसानों की जमीन लेकर बिल्डरों को देने का काम किया गया। उन्होंने सवाल किया कि क्या इसी काम में हरियाणा को नंबर वन बनाया गया था? उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समय युवाओं को पर्ची और खर्ची के आधार पर नौकरियां मिलने के आरोप लगते रहे हैं। मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि बाप-बेटे इसी व्यवस्था को हरियाणा को नंबर वन बनाने का उदाहरण बताते हैं।
मुख्यमंत्री ने बिना नाम लिए कांग्रेस के राज्यसभा सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कुछ लोगों के पास बाहर जाकर काम करने का समय नहीं है, इसलिए वे ट्वीट के माध्यम से झूठ फैलाने का काम करते हैं। ऐसे लोग केवल ट्वीट मास्टर बनकर रह गए हैं। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रचार के जरिए जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है।
सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हरियाणा विकास के रास्ते पर तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में फोरलेन सड़कों, एक्सप्रेसवे और ग्रीनफील्ड रोड का निर्माण किया जा रहा है तथा आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मौजूदा सरकार में युवाओं को बिना पर्ची और बिना खर्ची के रोजगार देने का प्रयास किया जा रहा है, जिससे युवाओं का सरकार पर विश्वास बढ़ा है।
बिजली व्यवस्था का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के शासनकाल में 24 घंटे बिजली देने के वादे किए गए, लेकिन लोगों को पर्याप्त बिजली नहीं मिल पाती थी। वहीं, वर्तमान सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में प्रदेश में बिजली व्यवस्था को बेहतर बनाने और लोगों को सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए काम कर रही है।
इस अवसर पर पूर्व विधायक प्रवीण डागर, पूर्व विधायक नरेंद्र गुप्ता, भाजपा जिला अध्यक्ष विपिन बैंसला, चंद्रभान गुप्ता, एलडी वर्मा, नगर परिषद के वाइस चेयरमैन मनोज बंधु, ब्लॉक चेयरमैन भगत सिंह घुघेरा, मंडल अध्यक्ष देवेंद्र गुप्ता, महेंद्र भड़ाना, मुकेश सिंगला, मेघश्याम शर्मा, सुरेंद्र सिंगला, जगमोहन गोयल, ओमप्रकाश गर्ग, चेयरमैन होशियार, पवन अग्रवाल, पवन पोसवाल, दीपक गुप्ता महम, डॉ. ज्ञान चंद, पुलिस अधीक्षक दीप्ति गर्ग, अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद और एसडीएम भूपेंद्र सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।







