फरीदाबाद (सुन्दर कुंडू)। फरीदाबाद के सेक्टर-62 स्थित डील चौक पर EV कंपनी के सीनियर एचआर मैनेजर लक्ष्मण हत्याकांड में वांछित आरोपियों को गिरफ्तार करने पहुंची क्राइम ब्रांच की टीम और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लगी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से एक देसी पिस्टल भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, क्राइम ब्रांच को सूचना मिली थी कि लक्ष्मण हत्याकांड में शामिल आरोपी सेक्टर-62 में सीवर पाइप के एक गोदाम में छिपे हुए हैं। सूचना मिलने के बाद क्राइम ब्रांच की टीम ने गोदाम की घेराबंदी कर दबिश दी। पुलिस को देखते ही आरोपियों ने भागने का प्रयास किया और इसी दौरान मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लगी।
जानकारी के मुताबिक, 4 अक्टूबर की रात केले खरीदने के दौरान 100 रुपये को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद में आरोपियों ने EV कंपनी में सीनियर एचआर मैनेजर लक्ष्मण पर चाकुओं से हमला कर दिया था। हमले में लक्ष्मण की मौत हो गई थी, जबकि उसका भतीजा महेश घायल हो गया था। मामले में पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी।







