Home Haryana सरिया कांटा लगाने को लेकर विवाद: युवक ने सरेआम चलाई गोली, पिता-पुत्र...

सरिया कांटा लगाने को लेकर विवाद: युवक ने सरेआम चलाई गोली, पिता-पुत्र गिरफ्तार

10
0

सुन्दर कुंडू ,फरीदाबाद। संजय कॉलोनी में गली के मोड़ पर सरिया तौलने का कांटा लगाने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी के बाद मामला मारपीट और फायरिंग तक पहुंच गया। इस दौरान एक युवक ने पिस्तौल निकालकर गोली चला दी। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले में पिता-पुत्र को गिरफ्तार किया है।पुलिस को दी शिकायत में संजय कॉलोनी निवासी विजयपाल सिंह ने बताया कि सारन रोड पर जवाहर कॉलोनी निवासी मनोज भाटी ने सरिया की दुकान शुरू की है।

आरोप है कि मनोज भाटी गली के मोड़ पर सरिया तौलने के लिए कांटा लगवा रहा था। स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।शिकायत के अनुसार, विवाद बढ़ने पर मनोज भाटी ने अपने बेटे भविष्य भाटी, कमल और करीब 8 से 10 अन्य युवकों को मौके पर बुला लिया। आरोप है कि इनमें से कुछ युवक लाठी-डंडे लेकर पहुंचे और शिकायतकर्ता समेत स्थानीय लोगों के साथ मारपीट शुरू कर दी।इसी दौरान आरोप है कि मनोज भाटी के बेटे भविष्य भाटी ने पिस्तौल निकालकर फायरिंग कर दी।

गोली चलने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने गली में खड़ी गाड़ियों में भी तोड़फोड़ की और उन्हें नुकसान पहुंचाया।यह घटना 24 सितंबर की बताई जा रही है। अब घटना का वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। वायरल वीडियो में मारपीट के दौरान एक युवक के पिस्तौल से फायरिंग करने का दृश्य दिखाई दे रहा है। पुलिस ने मामले की जांच करते हुए पिता-पुत्र को गिरफ्तार कर लिया है और घटना से जुड़े अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here