हिसार। बिजली चोरी पर शिकंजा कसने के लिए दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम की टीम ने बुधवार सुबह पुलिस बल के साथ आंबेडकर बस्ती में सघन चेकिंग अभियान चलाया। करीब दो घंटे चले अभियान के दौरान टीम ने घर-घर जाकर बिजली कनेक्शन, मीटर और लोड की जांच की। इस दौरान करीब 30 मकानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की गई।
संयुक्त टीम ने पड़ाव पुलिस चौकी प्रभारी संदीप कुमार के नेतृत्व में सुबह करीब सात बजे अभियान शुरू किया। बिजली निगम के अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने बस्ती के घरों में पहुंचकर कनेक्शनों की वैधता की जांच की। इसके साथ ही मीटर की स्थिति, स्वीकृत लोड और बिजली आपूर्ति से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की गई।
चेकिंग के दौरान बिजली विभाग की टीम ने करीब 30 घरों में अनियमितताएं पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी, अवैध कनेक्शन या बिजली व्यवस्था के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बिजली निगम के अधिकारियों के अनुसार बिजली चोरी से सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचने के साथ ही अवैध कनेक्शन के कारण शॉर्ट सर्किट और आगजनी जैसी घटनाओं का खतरा भी बढ़ जाता है। इससे जान-माल की सुरक्षा प्रभावित हो सकती है। विभाग ने लोगों से केवल वैध बिजली कनेक्शन का इस्तेमाल करने और बिजली व्यवस्था से छेड़छाड़ नहीं करने की अपील की है।
अधिकारियों ने बताया कि बिजली चोरी रोकने के लिए भविष्य में भी पुलिस के सहयोग से इस तरह के औचक चेकिंग अभियान जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।







