Home Haryana बहादुरगढ़ में महिला से सोने का कड़ा झपटा, बाइक सवार दो युवक...

बहादुरगढ़ में महिला से सोने का कड़ा झपटा, बाइक सवार दो युवक फरार

19
0

बहादुरगढ़। शहर में झपटमारी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। सोमवार सुबह बादली रोड स्थित धनपति अंबेडकर स्टेडियम के पास बाइक सवार दो युवकों ने ऑटो का इंतजार कर रही महिला के हाथ से सोने का कड़ा झपट लिया और फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, महिला गुभाना जाने के लिए स्टेडियम के पास ऑटो का इंतजार कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो युवक वहां पहुंचे। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, दोनों में से एक युवक ने उसके हाथ पर झपट्टा मारकर सोने का कड़ा उतार लिया। वारदात के बाद आरोपी बाइक से मौके से फरार हो गए।

अचानक हुई इस घटना से महिला घबरा गई और उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगी। हालांकि, तब तक आरोपी काफी दूर निकल चुके थे। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बहादुरगढ़ में पिछले कुछ दिनों के दौरान झपटमारी की चार से पांच घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लगातार हो रही वारदातों के कारण शहरवासियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ रही है। लोगों ने पुलिस से प्रमुख स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में गश्त बढ़ाने तथा झपटमारी करने वाले आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here