Home Haryana कोसली तहसील में विजिलेंस का छापा, रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार

कोसली तहसील में विजिलेंस का छापा, रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार

8
0

रेवाड़ी। हरियाणा विजिलेंस ब्यूरो ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए कोसली तहसील में तैनात एक पटवारी को 4 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पर राजस्व रिकॉर्ड में सुधार करने के बदले शिकायतकर्ता से अवैध रकम मांगने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता ने विजिलेंस ब्यूरो को दी शिकायत में बताया था कि राजस्व रिकॉर्ड दुरुस्त करने के नाम पर संबंधित पटवारी पहले ही उससे 5 हजार रुपये ले चुका था। इसके बावजूद आरोपी ने काम पूरा करने के लिए 4 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग रख दी।

रिश्वत की लगातार मांग से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने विजिलेंस अधिकारियों से संपर्क किया। शिकायत की पुष्टि होने के बाद विजिलेंस टीम ने सुनियोजित तरीके से जाल बिछाया। तय योजना के तहत जैसे ही आरोपी पटवारी ने शिकायतकर्ता से 4 हजार रुपये की रिश्वत स्वीकार की, टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया।

गिरफ्तारी के बाद आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। विजिलेंस ब्यूरो अब मामले की गहन जांच में जुट गया है।

अधिकारियों का कहना है कि यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी ने अन्य लोगों से भी इसी प्रकार रिश्वत लेकर काम किए हैं या नहीं। यदि जांच में और मामले सामने आते हैं तो उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

विजिलेंस की इस कार्रवाई को राजस्व विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सरकारी काम के बदले रिश्वत मांगने वाले किसी भी कर्मचारी या अधिकारी को बख्शा नहीं जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here