अंबाला (अंकुर कपूर): कांग्रेस नेता राहुल गांधी को सजा का ऐलान होने और उनकी सदस्यता रद्द किए जाने के बाद देश में सियासी पारा सातवें आसमान पर है। राहुल गांधी के मामले में कांग्रेस और विपक्ष एक सुर में केंद्र सरकार के विरुद्ध अपनी नाराजगी जाहिर कर रहा है। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की हत्या कर प्रजातांत्रिक मर्यादाओं को ताक पर रख रही है। जनता की बुनियादी समस्याओं का समाधान करने की बजाए साजिशन विपक्ष के खिलाफ तानाशाही रवैया अपनाकर डर का माहौल बना रही है।
दीपेंद्र हुड्डा देर रात वरिष्ठ कांग्रेसी अशोक बूंदी वशिष्ठ के आवास पर मीडिया से बात कर रहे थे। इससे यहां पहुंचने पर पार्टी कार्यकर्ताओं की ओर से राज्यसभा सांसद का शानदार स्वागत किया गया। कई घंटे से कार्यकर्ता हुड्डा के आने का इंतजार करते रहे। पूछे जाने पर हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी को साजिश के तहत संसद से बाहर किया गया है। उन्होंने कहा कि यह साजिश कथित भ्रष्टाचारी अडानी के खिलाफ राहुल गांधी के आवाज उठाने से रची जा रही थी। राहुल गांधी अडानी के घोटालों को लगातार उजागर कर रहे थे। इसी वजह से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कुर्सी पर खतरा मंडराया हुआ है।
इस दौरान हुड्डा ने राज्य सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि जो हरियाणा प्रदेश कांग्रेस के शासनकाल में विकास, प्रतिव्यक्ति आय औरप्रतिव्यक्ति निवेश के मामले में देश भर में नंबर वन अब भाजपा-जजपा के संडे निचले पायदान पर पहुंच गया है। इस दौरान हरियाणा ऑटो रिक्शा यूनियन के चेयरमैन अशोक बूंदी ने कहा कि पार्टी का हर कार्यकर्ता सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ सड़कों पर उतरकर लड़ाई लड़ेगा।







