Home Haryana चीका में दबंगई दिखाने वालों पर पुलिस का शिकंजा, तीन गिरफ्तार

चीका में दबंगई दिखाने वालों पर पुलिस का शिकंजा, तीन गिरफ्तार

2
0

कैथल (बलिंदर कुमार)। कैथल जिले के चीका क्षेत्र में युवक के साथ मारपीट, लूटपाट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने उनका शहर की सड़कों पर जुलूस भी निकाला, ताकि असामाजिक तत्वों में कानून का भय कायम किया जा सके।

जानकारी के अनुसार, यह मामला 1 अगस्त 2026 का है। गांव पीडल निवासी अमित कुमार ने थाना चीका में शिकायत दर्ज करवाई थी कि उसके रिश्तेदार दीदार सिंह ने ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से एक पार्सल मंगवाया था, जो गलत निकला। पार्सल वापस करने को लेकर चीका की जगदीश मार्केट में डिलीवरी कर्मी कुलदीप निवासी संजय बस्ती, चीका के साथ कहासुनी हो गई थी। हालांकि उस समय मामला शांत हो गया था।

शिकायत के मुताबिक, उसी दिन सुबह करीब 10 बजे अमित कुमार अपने मित्र सचिन कुमार के साथ कैथल-चीका रोड स्थित एक टीवीएस एजेंसी के पास खड़ा था। इसी दौरान कुलदीप अपने साथ हरदीप निवासी बदसूई, दीपक निवासी संजय बस्ती, बलजीत निवासी डेरा भाग सिंह तथा 5-6 अन्य युवकों को लेकर वहां पहुंच गया। आरोप है कि कुलदीप ने लोहे की सरिया और अन्य आरोपियों ने डंडों से हमला कर अमित और उसके साथी को बुरी तरह पीटा।

हमले में अमित कुमार के नाक, जांघ और दाहिनी बाजू सहित शरीर के कई हिस्सों पर गंभीर चोटें आईं, जबकि उसके साथी सचिन कुमार को भी मारपीट कर घायल कर दिया गया। आरोप है कि मारपीट के दौरान कुलदीप अमित के हाथ से एप्पल कंपनी का मोबाइल फोन छीनकर फरार हो गया।

पीड़ित ने शिकायत में बताया कि वारदात के बाद आरोपी खुद को बदमाश बताते हुए दोबारा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देकर मौके से चले गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना चीका पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की।

थाना चीका के एसएचओ एसआई प्रवीण कुमार ने बताया कि मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपियों से घटनास्थल की निशानदेही भी करवाई है। आरोपियों से गहन पूछताछ जारी है और मामले में शामिल अन्य युवकों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए भी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कदम आगे भी जारी रहेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here