बलिंदर कुमार, कैथल। कैथल शहर में आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने की दिशा में नगर परिषद ने एक और कदम बढ़ाया है। बुधवार को नगर परिषद कैथल की चेयरपर्सन सुरभि गर्ग ने भगत सिंह चौक पर पहुंचकर चार प्रमुख सड़क परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने शहर में चल रहे विकास कार्यों और आगामी योजनाओं की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान भगत सिंह चौक से रेलवे स्टेशन तक जाने वाली मुख्य सड़क का 32 लाख रुपये की लागत से उद्घाटन किया गया। इसके अलावा कबूतर चौक से हिंदू गर्ल्स स्कूल तक बनने वाली नई सड़क का शिलान्यास किया गया, जिस पर लगभग 80 लाख रुपये की लागत आएगी। नगर परिषद का दावा है कि इन परियोजनाओं से शहर के यातायात और बुनियादी सुविधाओं में उल्लेखनीय सुधार होगा।
चेयरपर्सन सुरभि गर्ग ने बताया कि नगर परिषद कार्यालय के सामने स्थित सड़क पहले लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधीन थी, जिसके कारण नगर परिषद वहां कार्य नहीं कर सकती थी। अब आवश्यक एनओसी मिलने के बाद यह सड़क नगर परिषद के अधिकार क्षेत्र में आ गई है। उन्होंने कहा कि इस सड़क को उच्च गुणवत्ता और आधुनिक मानकों के अनुरूप विकसित किया जाएगा। इसके लिए टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि सड़क निर्माण से पहले जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करना प्राथमिकता होगी, ताकि भविष्य में जलभराव जैसी समस्याओं का सामना न करना पड़े। इसके बाद सड़क निर्माण कार्य को अंतिम रूप दिया जाएगा।
सुरभि गर्ग ने कहा कि नगर परिषद की जिम्मेदारी संभालने के बाद उनकी प्राथमिकता शहर की सड़कों को बेहतर बनाना, पार्कों में आधुनिक जिम सुविधाएं उपलब्ध कराना और सार्वजनिक स्थलों पर बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करना रही है। उन्होंने दावा किया कि इन योजनाओं का लगभग 80 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है और शेष कार्य भी तेजी से जारी है।
चेयरपर्सन ने बताया कि शहर की सुंदरता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जींद रोड स्थित तोरण द्वार, माता गेट से कश्यप चौक तक तथा परशुराम चौक से सीवन गेट तक आकर्षक फैंसी लाइटें लगाई जाएंगी। इससे शहर की रात की तस्वीर और अधिक आकर्षक बनेगी तथा लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि नगर परिषद का उद्देश्य कैथल को आधुनिक और सुविधासंपन्न शहर के रूप में विकसित करना है, जिसके लिए सड़क, जल निकासी, प्रकाश व्यवस्था और सार्वजनिक सुविधाओं पर लगातार काम किया जा रहा है।







