सिरसा | हरियाणा के सिरसा जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है। रामनगरिया क्षेत्र में 10वीं कक्षा के 17 वर्षीय छात्र ने अपने घर के बाथरूम में फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार छात्र पिछले कुछ समय से पढ़ाई को लेकर तनाव में था। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की जांच जारी है।
मृतक की पहचान अनमोल के रूप में हुई है। पुलिस को दिए बयान में उसके पिता कृष्ण कुमार ने बताया कि रात परिवार के सभी सदस्य एक साथ भोजन करने के बाद अपने-अपने कमरों में सो गए थे। सुबह करीब पांच बजे जब परिवार के लोग जागे तो अनमोल अपने कमरे में नहीं मिला।
परिजनों ने घर में उसकी तलाश शुरू की। इसी दौरान जब वे बाथरूम पहुंचे तो अनमोल फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखकर परिवार के होश उड़ गए। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।
मामले की जांच कर रहे सहायक उपनिरीक्षक (ASI) कृष्ण कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद उसे अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
परिजनों के अनुसार अनमोल पिछले कुछ दिनों से पढ़ाई और परीक्षा को लेकर मानसिक दबाव महसूस कर रहा था। हालांकि, आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह का पता पुलिस जांच के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले से जुड़े सभी तथ्यों और परिस्थितियों की पड़ताल कर रही है।







