नई दिल्ली | हरियाणा विधानसभा चुनाव में वोटों में धांधली के राहुल गांधी के आरोपों पर चुनाव आयोग ने कड़ा जवाब दिया है। आयोग ने कहा कि कांग्रेस के दावे पूरी तरह निराधार और भ्रामक हैं।
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने बुधवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आरोप लगाया था कि हरियाणा चुनाव के दौरान 25 लाख फर्जी वोट डाले गए। उन्होंने दावा किया था कि 5.21 लाख नकली मतदाता, 93,174 अवैध वोटर और 19.26 लाख थोक मतदाता वोटिंग में शामिल हुए। उन्होंने तो यहां तक कहा कि एक ब्राजील की मॉडल ने 10 बूथों पर 22 बार वोट डाला।
राहुल गांधी ने इस कथित फर्जीवाड़े को “H-Files” नाम देकर चुनाव आयोग पर पक्षपात के आरोप लगाए।
हालांकि, चुनाव आयोग ने इन दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया। समाचार एजेंसी के मुताबिक, आयोग के सूत्रों ने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी वोटर लिस्ट में गड़बड़ी को लेकर कोई औपचारिक आपत्ति या अपील दर्ज नहीं कराई। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) राजनीतिक दलों की ओर से नियुक्त किए जाते हैं ताकि मतदान प्रक्रिया पर निगरानी रखी जा सके और किसी भी अनियमितता को तुरंत दर्ज किया जा सके। चुनाव आयोग ने कहा कि राहुल गांधी के आरोप तथ्यों से परे हैं और इनका कोई प्रमाण नहीं है।







