Home Haryana बहादुरगढ़ डंपिंग स्टेशन पर अव्यवस्था देख भड़की चेयरपर्सन, अधिकारियों-ठेकेदार को लगाई फटकार

बहादुरगढ़ डंपिंग स्टेशन पर अव्यवस्था देख भड़की चेयरपर्सन, अधिकारियों-ठेकेदार को लगाई फटकार

5
0

बहादुरगढ़: बहादुरगढ़ नगर परिषद की चेयरपर्सन सरोज राठी ने नया गांव स्थित डंपिंग स्टेशन का औचक निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कूड़े के वैज्ञानिक तरीके से निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार को जमकर फटकार लगाई। साथ ही स्पष्ट निर्देश दिए कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान सामने आया कि लंबे समय से डंपिंग स्टेशन पर कूड़े का उचित निस्तारण नहीं होने के कारण वहां बड़े-बड़े कूड़े के ढेर जमा हैं। इससे आसपास के क्षेत्रों में दुर्गंध फैल रही है और स्थानीय लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नगर परिषद को भी इस संबंध में लगातार शिकायतें मिल रही थीं, जिसके बाद चेयरपर्सन ने मौके पर पहुंचकर हालात का निरीक्षण किया।

सरोज राठी ने अधिकारियों से पूरी व्यवस्था की जानकारी ली और मौके पर ही सुधारात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने संबंधित ठेकेदार और अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्देशों का पालन नहीं हुआ तो उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

चेयरपर्सन ने शहर से डंपिंग स्टेशन तक कूड़ा पहुंचाने वाले सभी वाहनों को तिरपाल से ढककर चलाने के निर्देश भी दिए, ताकि रास्ते में कचरा न गिरे और दुर्गंध फैलने की समस्या पर भी रोक लगाई जा सके। इसके अलावा उन्होंने डंपिंग स्टेशन पर कूड़े का उचित सेग्रीगेशन कर वैज्ञानिक पद्धति से निस्तारण सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

उन्होंने कहा कि शहर की स्वच्छता नगर परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है और आम लोगों को गंदगी या प्रदूषण से किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। कूड़ा प्रबंधन व्यवस्था को पूरी तरह व्यवस्थित कर स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त वातावरण सुनिश्चित किया जाएगा।

निरीक्षण के दौरान नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी संजय रोहिल्ला, एमई जोगेंद्र सिंधु, जेई नीरज, सीएसआई सुंदर, एसआई सुनील हुड्डा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने चेयरपर्सन को आश्वस्त किया कि डंपिंग स्टेशन पर जल्द ही आवश्यक सुधार किए जाएंगे और कूड़े के वैज्ञानिक निस्तारण की प्रक्रिया को नियमित रूप से लागू किया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here