Home Crime नारनौल में चश्मे की दुकान पर हमला, महिला समेत युवकों ने की...

नारनौल में चश्मे की दुकान पर हमला, महिला समेत युवकों ने की तोड़फोड़ और मारपीट

8
0
Screenshot

नारनौल। शहर की नई मंडी गेट के बाहर शाम एक चश्मे की दुकान में घुसकर महिला समेत कुछ युवाओं द्वारा तोड़फोड़ और मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में दुकान संचालक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए पहले नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। घटना के बाद बड़ी संख्या में व्यापारी और दुकानदार मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी।

जानकारी के अनुसार, गांव नायन थनवास निवासी 45 वर्षीय मुकेश कुमार नई मंडी गेट के बाहर स्थित श्री श्याम आई केयर नामक दुकान चलाते हैं। शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे वह दुकान पर मौजूद थे। इसी दौरान एक महिला कुछ लोगों के साथ वहां पहुंची। आरोप है कि महिला और उसके साथ आए लोगों ने दुकान में घुसकर तोड़फोड़ शुरू कर दी और इसके बाद मुकेश कुमार के साथ मारपीट की।

आरोप है कि हमलावरों ने बीयर की खाली बोतलों से दुकान के गेट पर लगा शीशा भी तोड़ दिया, जिससे दुकान को काफी नुकसान पहुंचा। मारपीट में मुकेश कुमार को गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद महिला और उसके साथ आए लोग मौके से फरार हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घायल मुकेश कुमार को नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत और चोटों को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।

घटना के बाद बाजार में काफी देर तक व्यापारियों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी रही। दुकानदारों ने बाजार के बीच हुई इस तरह की हिंसक घटना पर नाराजगी जताते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। व्यापारियों का कहना है कि दिनदहाड़े दुकानों में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट की घटनाओं से बाजार में असुरक्षा का माहौल बन रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here