झज्जर | हरियाणा के झज्जर-गुरुग्राम मार्ग पर देर रात दो अज्ञात युवकों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों शव दुलीना पुलिस चौकी से करीब एक किलोमीटर दूर एक निजी स्कूल के सामने सड़क किनारे संदिग्ध हालत में पड़े मिले। शुरुआती जांच में हत्या के बाद शव यहां फेंके जाने की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार दोनों शव सड़क से महज कुछ मीटर की दूरी पर एक-दूसरे के ऊपर पड़े हुए थे। मृतकों के शरीर पर गहरे चोट के निशान मिले हैं, जिससे मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस, सीआईए और स्पेशल स्टाफ की टीमें मौके पर पहुंच गईं और इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी।
पुलिस के मुताबिक मृतकों की उम्र करीब 35 से 45 वर्ष के बीच बताई जा रही है। हालांकि अभी तक दोनों की पहचान नहीं हो सकी है। शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम और शिनाख्त के लिए झज्जर के नागरिक अस्पताल भेज दिया गया है। आसपास के थानों और क्षेत्रों में भी मृतकों का हुलिया साझा किया गया है ताकि पहचान सुनिश्चित की जा सके।
घटनास्थल से कुछ दूरी पर वाहनों के टायरों के निशान भी मिले हैं। पुलिस को शक है कि दोनों युवकों की हत्या कहीं और की गई और बाद में साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शवों को वाहन में लाकर सड़क किनारे फेंक दिया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। टीम ने मौके से वैज्ञानिक और भौतिक साक्ष्य जुटाए हैं। इसके अलावा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्ध वाहनों और आरोपियों तक पहुंचा जा सके।
सदर थाना प्रभारी परमजीत सिंह ने बताया कि शुरुआती परिस्थितियां हत्या की ओर इशारा कर रही हैं। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द मामले का खुलासा करने का दावा किया है।







