Home Crime पानीपत में रिश्तों का खौफनाक कत्ल: भतीजे ने पत्थर से कुचलकर की...

पानीपत में रिश्तों का खौफनाक कत्ल: भतीजे ने पत्थर से कुचलकर की चाचा की हत्या, वारदात CCTV में कैद

4
0

पानीपत | हरियाणा के पानीपत जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जिले के खोतापुरा स्थित डेरा मन्चुरी गांव में एक युवक ने पुरानी रंजिश के चलते अपने ही चाचा की बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी ने गली में घेरकर पहले चाचा के साथ मारपीट की और फिर पत्थर की भारी ओखल से उनके चेहरे और सिर पर लगातार वार कर मौत के घाट उतार दिया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है।

मृतक की पहचान सुशील कुमार के रूप में हुई है। घटना मंगलवार रात करीब 8 बजे की बताई जा रही है। पुलिस को दी शिकायत में मृतक की पत्नी कविता ने बताया कि उनके पति घर लौट रहे थे। जैसे ही वे गांव में भानीराम के मकान के पास पहुंचे, वहां पहले से घात लगाए बैठे उनके भतीजे अभिषेक उर्फ बंदर ने उन्हें रोक लिया। इसके बाद दोनों के बीच कहासुनी हुई और आरोपी ने लात-घूंसों से हमला शुरू कर दिया।

मारपीट के दौरान सुशील कुमार गली में गिर पड़े। आरोप है कि इसके बाद अभिषेक ने पास में रखी पत्थर की भारी ओखल उठाई और उनके चेहरे व सिर पर लगातार कई वार किए। हमले की बर्बरता इतनी ज्यादा थी कि सुशील का चेहरा पूरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

परिजनों के मुताबिक, आरोपी अभिषेक पहले भी अपने चाचा के साथ झगड़ा और मारपीट कर चुका था। उस समय परिवार ने डायल-112 पर शिकायत दर्ज कराई थी। इसी बात को लेकर आरोपी अपने चाचा से रंजिश रखता था और बदला लेने की फिराक में था। पुलिस का मानना है कि इसी पुरानी दुश्मनी के चलते हत्या की साजिश रची गई।

घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर 13-17 थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया। वहीं घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी कब्जे में ली गई है। फुटेज में आरोपी हमला करते और वारदात के बाद मौके से भागते हुए दिखाई दे रहा है।

पुलिस ने मृतक की पत्नी की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया है और फरार आरोपी की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here