चंडीगढ़ | हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी के कार्यालय समेत चंडीगढ़ के कई नामी स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद बुधवार को सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। धमकी भरे ई-मेल मिलने के तुरंत बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और अन्य सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं।
ई-मेल में दावा किया गया कि हरियाणा मुख्यमंत्री कार्यालय में दोपहर 3:11 बजे और चंडीगढ़ के स्कूलों में 1:11 बजे विस्फोट किए जाएंगे। संदेश में बम, आईईडी और ड्रोन हमलों का भी जिक्र किया गया। इस बार धमकी भरे ई-मेल जीमेल के बजाय रेडिफमेल के जरिए भेजे गए, जिसे जांच एजेंसियां गंभीरता से देख रही हैं।
सबसे पहले सेक्टर-31 स्थित एयर फोर्स स्कूल को धमकी मिली। इसके बाद सेक्टर-37बी और 37डी के गवर्नमेंट मॉडल सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-38 के विवेक हाई स्कूल, सेक्टर-26 के सेक्रेड हार्ट स्कूल और स्ट्रॉबेरी फील्ड्स हाई स्कूल, सेक्टर-40 के डीपीएस स्कूल तथा सेक्टर-9 के कार्मेल कॉन्वेंट स्कूल को भी इसी तरह के ई-मेल मिलने की सूचना मिली।
धमकी भरे संदेश में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और विदेश मंत्री एस. जयशंकर का भी उल्लेख किया गया। साथ ही अंबाला से दिल्ली के बीच रेलवे ट्रैक को निशाना बनाने और 15 अगस्त के कार्यक्रमों से दूर रहने की चेतावनी भी दी गई।
धमकी मिलने के बाद चंडीगढ़ पुलिस ने सभी संबंधित स्कूलों और संवेदनशील स्थानों पर व्यापक तलाशी अभियान चलाया। शुरुआती जांच में किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई, लेकिन सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है।
गौरतलब है कि चंडीगढ़ में इस साल पहले भी कई स्कूलों, पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट, चंडीगढ़ यूनिवर्सिटी और मुख्यमंत्री कार्यालय को धमकी भरे ई-मेल मिल चुके हैं। पुलिस पहले पश्चिम बंगाल निवासी सौरव बिस्वास को ऐसे मामलों में गिरफ्तार करने का दावा कर चुकी है। फिलहाल साइबर सेल ताजा ई-मेल भेजने वाले और उसके नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।







