सुंदर कुंडू, पलवल। एकादशी के पावन अवसर पर पलवल से अयोध्या धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष बस को हरियाणा सरकार के खेल मंत्री गौरव गौतम की माता रतन देवी ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान श्रद्धालुओं में धार्मिक उत्साह देखने को मिला और भगवान श्रीराम के जयघोष के साथ यात्रा का शुभारंभ किया गया।
इस मौके पर रतन देवी ने सभी श्रद्धालुओं की सुखद, सुरक्षित और मंगलमय यात्रा की कामना करते हुए कहा कि प्रभु श्रीराम की जन्मभूमि अयोध्या की यात्रा प्रत्येक श्रद्धालु के लिए आस्था, आध्यात्मिक ऊर्जा और भारतीय संस्कारों से जुड़ने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने यात्रियों से पूरी यात्रा के दौरान अनुशासन बनाए रखने, आपसी भाईचारे की भावना के साथ यात्रा करने और धार्मिक मर्यादाओं का पालन करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि भारतीय सनातन परंपरा में एकादशी का विशेष महत्व है। यह पर्व भक्ति, संयम और आध्यात्मिक साधना का प्रतीक माना जाता है। इस दिन भगवान श्रीहरि विष्णु की आराधना, व्रत, भजन-कीर्तन और सत्संग के माध्यम से श्रद्धालु पुण्य लाभ अर्जित करते हैं। ऐसे शुभ अवसर पर अयोध्या धाम की यात्रा का महत्व और भी बढ़ जाता है।
बस रवाना होने से पहले श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीराम के जयकारों के साथ धार्मिक वातावरण बनाया। यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह और उमंग देखने को मिली।
इस अवसर पर पलवल भाजपा मंडल अध्यक्ष देवेंद्र अग्रवाल, एसपीएस इंटरनेशनल स्कूल के निदेशक चेतन भारद्वाज, सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने यात्रियों को शुभकामनाएं देते हुए उनकी सुरक्षित और सफल यात्रा की कामना की।







