यमुनानगर | जिले में अलग-अलग स्थानों पर हुए दो रेल हादसों में दो व्यक्तियों की दर्दनाक मौत हो गई। दोनों घटनाओं में मृतक चलती ट्रेन से अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण पटरी पर गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही जान चली गई।
पहली घटना 26 अक्टूबर को कलानौर रेलवे स्टेशन के नजदीक हुई, जहां एक अज्ञात व्यक्ति ट्रेन से गिर गया। घटना की सूचना मिलने पर रेलवे पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अभी तक मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
दूसरा हादसा सोमवार सुबह मुस्तफाबाद रेलवे स्टेशन के पास हुआ। मौके से एक टूटा हुआ मोबाइल फोन बरामद हुआ है, जिसकी मदद से मृतक की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
लुधियाना का रहने वाला था एक मृतक
जांच अधिकारी राजेंद्र शर्मा के अनुसार, दूसरे मृतक की पहचान लुधियाना निवासी के रूप में हुई है। बताया गया कि वह छत्तीसगढ़ में कंबाइन हार्वेस्टर चलाने के लिए जा रहा था। यात्रा के दौरान ट्रेन के अचानक झटके से वह गिरकर बुरी तरह घायल हुआ और उसकी मौत हो गई।
दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए यमुनानगर सिविल अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने दोनों मामलों में कार्रवाई शुरू कर दी है और परिजनों को सूचना दी जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।







