Home Haryana जेएलएन नहर में डूबे किसान की तलाश जारी, 36 घंटे बाद भी...

जेएलएन नहर में डूबे किसान की तलाश जारी, 36 घंटे बाद भी नहीं मिला कोई सुराग

6
0

झज्जर। बेरी क्षेत्र के गांव गोच्छी में जवाहर लाल नेहरू (जेएलएन) नहर में डूबे 25 वर्षीय किसान पंकज का 36 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कोई पता नहीं चल सका है। युवक की तलाश में एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें लगातार सर्च अभियान चला रही हैं, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिल पाई है। घटना के बाद से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में चिंता का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार गांव गोच्छी निवासी पंकज शुक्रवार को अपनी मां के साथ खेत में कृषि कार्य करने गया था। खेत का काम पूरा करने के बाद वह पास से गुजर रही जेएलएन नहर पर हाथ-पैर धोने के लिए पहुंचा। इसी दौरान अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और पैर फिसलने से वह नहर में जा गिरा। तेज बहाव के कारण वह देखते ही देखते पानी में बह गया।

घटना को अपनी आंखों के सामने होते देख उसकी मां ने शोर मचाकर मदद की गुहार लगाई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और युवक को बचाने का प्रयास किया, लेकिन नहर में पानी का बहाव अधिक होने के कारण उसका कोई पता नहीं चल सका। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी गई।

सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की टीम गोताखोरों और आवश्यक उपकरणों के साथ मौके पर पहुंची और तलाश अभियान शुरू किया गया। शुक्रवार को कई घंटों तक चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद शनिवार को भी एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की संयुक्त टीमों ने नहर के विभिन्न हिस्सों में खोजबीन जारी रखी। टीमें पानी के बहाव की दिशा में कई किलोमीटर तक तलाश कर चुकी हैं, लेकिन अभी तक युवक का कोई सुराग नहीं मिला है।

स्थानीय ग्रामीण भी लगातार मौके पर मौजूद हैं और राहत एवं बचाव कार्य में प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं। प्रशासन का कहना है कि जब तक युवक का पता नहीं चल जाता, तब तक सर्च अभियान जारी रहेगा। वहीं परिजन किसी चमत्कार की उम्मीद लगाए बैठे हैं, जबकि गांव में घटना को लेकर शोक और चिंता का माहौल बना हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here