Home Haryana हरियाणा में भीषण गर्मी का कहर: रोहतक 46.6 डिग्री के साथ सबसे...

हरियाणा में भीषण गर्मी का कहर: रोहतक 46.6 डिग्री के साथ सबसे गर्म, मौसम बदलने के आसार

3
0

चंडीगढ़। हरियाणा इस समय भीषण गर्मी और लू की चपेट में है। प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया जा रहा है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य का अधिकतम तापमान औसतन 4.2 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रिकॉर्ड किया गया है। बुधवार को रोहतक 46.6 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा। इसके अलावा हिसार, भिवानी और नारनौल में भी पारा 45 डिग्री के पार पहुंच गया, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है।

मौसम विभाग ने गुरुवार के लिए हरियाणा के दक्षिण और पूर्वी हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग ने गुरुग्राम, फरीदाबाद, पलवल, नूंह, रेवाड़ी, महेंद्रगढ़, झज्जर, रोहतक, सोनीपत और पानीपत में तेज लू के साथ धूलभरी आंधी चलने की चेतावनी दी है। वहीं सिरसा, फतेहाबाद, हिसार, जींद, भिवानी, करनाल और अंबाला समेत कई जिलों में शुष्क मौसम के बीच तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग का अनुमान है कि शुक्रवार से मौसम करवट ले सकता है और कुछ जिलों में आंधी, बारिश व ओलावृष्टि देखने को मिल सकती है।

भीषण गर्मी के बीच प्रदेश में पेयजल व्यवस्था भी लोगों की परेशानी बढ़ा रही है। कई बस स्टैंडों, पार्कों और बाजारों में लगे वाटर कूलर बंद पड़े हैं। हिसार के लघु सचिवालय में डीसी कार्यालय के पास लगे वाटर कूलर के आसपास गंदगी जमा होने से लोगों को दूषित पानी पीने की मजबूरी झेलनी पड़ रही है। ऐसे में राहगीर या तो महंगे दामों पर पानी खरीद रहे हैं या फिर सामाजिक संस्थाओं द्वारा लगाए जा रहे शर्बत और छाछ के स्टॉलों पर राहत तलाश रहे हैं।

गर्मी के कारण रात के तापमान में मामूली गिरावट के बावजूद उमस से राहत नहीं मिल रही। रोहतक और चरखी दादरी में रात का तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि यमुनानगर के हथनीकुंड बैराज में न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा। डॉक्टरों ने लोगों को दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक धूप में निकलने से बचने, सिर ढककर बाहर जाने और लगातार पानी, ओआरएस, छाछ व नींबू पानी का सेवन करने की सलाह दी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार तेज सिरदर्द, चक्कर, उल्टी और त्वचा का लाल व सूखा होना हीटस्ट्रोक के संकेत हो सकते हैं, ऐसे लक्षण दिखाई देने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here