रोहतक | रोहतक के सुनारिया जेल रोड इलाके में बुधवार सुबह एक 25 वर्षीय युवक की बेहद क्रूर हत्या का मामला सामने आया है। मीट मार्केट के पास सड़क किनारे युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। हत्या की बर्बरता को देखकर हर कोई सन्न रह गया।
पुलिस के अनुसार सुबह करीब पौने आठ बजे सूचना मिली कि सुनारिया जेल की ओर जाने वाले बाईपास के पास खुले मैदान में एक युवक का शव पड़ा हुआ है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि युवक का गला तेजधार हथियार से काटा गया था। इतना ही नहीं, उसके पेट पर भी गहरे वार किए गए थे, जिससे आंतें बाहर निकल आई थीं। वारदात की क्रूरता ने पुलिस को भी चौंका दिया।
शव के पास से शराब की बोतल, नमकीन और अन्य सामान बरामद हुआ है, जिससे आशंका जताई जा रही है कि घटना से पहले वहां किसी तरह की बैठक या झगड़ा हुआ हो सकता है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही एएसपी आयुष यादव, शिवाजी कॉलोनी थाना प्रभारी राकेश सैनी, अनाज मंडी चौकी प्रभारी निकेश अहलावत और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक विशेषज्ञ डॉ. सरोज दहिया ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए पीजीआई के डेड हाउस में भिजवा दिया है। अब तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी है, जिसके लिए आसपास के क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। इस घटना के बाद इलाके में भय का माहौल है और लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।







