नारनौल | जिले के दोचाना गांव में सोमवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 35 वर्षीय व्यक्ति ने खुद को आग लगाकर आत्महत्या कर ली। बताया जा रहा है कि व्यक्ति ने घर में परिजनों से झगड़ा करने के बाद गांव की बणी में जाकर खुद पर तेल डालकर आग लगा ली।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेजा। बाद में शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मृतक की पहचान राजेंद्र के रूप में हुई है, जो पेशे से चिनाई मिस्त्री था। परिजनों के अनुसार वह लंबे समय से शराब की लत से ग्रस्त था। आत्महत्या से पहले उसने अत्यधिक शराब का सेवन किया और परिजनों से झगड़ा किया। इसके बाद वह बाइक पर गांव की बणी पहुंचा और खुद को आग के हवाले कर दिया। राजेंद्र अपने पीछे दो बच्चों को छोड़ गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।







