सिरसा | हरियाणा के सिरसा में आम आदमी पार्टी के एक नेता पर हुए हमले ने कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। जानकारी के अनुसार, बाइक पर जा रहे AAP नेता सुरजीत सिंह बेगू को कार सवार बदमाशों ने पहले टक्कर मारी, जिससे वह कई फीट दूर जाकर गिर पड़े। टक्कर के बाद उनकी पगड़ी भी सड़क पर गिर गई और वह संभल पाते उससे पहले हमलावरों ने उन पर हमला बोल दिया।
बताया जा रहा है कि एक आरोपी ने कार से हथौड़ा निकालकर सुरजीत पर ताबड़तोड़ वार किए, जबकि अन्य हमलावरों ने लाठियों से हमला किया। जान बचाने के लिए जब सुरजीत भागने की कोशिश करने लगे, तब भी आरोपियों ने उनका पीछा कर हमला जारी रखा। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें हमलावरों की हरकतें साफ दिखाई दे रही हैं।
घटना के अनुसार, जब सुरजीत सिंह सिरसा से अपने गांव शाहपुर बेगू लौट रहे थे। इसी दौरान नोहर रोड पर कार सवार बदमाशों ने उनकी बाइक को टक्कर मारकर उन्हें निशाना बनाया।
हमले में सुरजीत को सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं, वहीं एक पैर में फ्रैक्चर भी बताया जा रहा है। आसपास लोगों की भीड़ जुटती देख आरोपी मौके से फरार हो गए।
सुरजीत सिंह ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए कहा है कि वह हमलावरों को नहीं पहचानते, लेकिन वायरल वीडियो में आरोपियों के चेहरे स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वह इस मामले को पार्टी स्तर पर उठाएंगे।







