रोहतक (अंकुर कपूर): हरियाणा के रोहतक में आप पार्टी के केंद्रीय जोनल कार्यालय के उद्घाटन कार्यक्रम में पहुंचे आप पार्टी के राष्ट्रीय सलाहकार अनुराग ढांडा ने ऐलान कर दिया है कि हरियाणा 2024 के मिशन की शुरुआत आदमपुर विधानसभा से की जाएगी। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान 7 व 8 सितंबर को हरियाणा के दौरे पर हैं और इस दौरान बड़े-बड़े चेहरे पार्टी में शामिल होंगे। यही नहीं परिवारवाद के नारे को खत्म करते हुए भारतवाद के नारे की शुरुआत की जाएगी।
अनुराग ढांडा ने कहा कि 1968 से आदमपुर में एक ही परिवार के लोग विधायक बनते रहे हैं। ऐसे ही परिवारवाद को खत्म करने के लिए अरविंद केजरीवाल ने भारतवाद मुहिम की शुरुआत की है। सात व 8 सितंबर को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल हरियाणा के दौरे पर हैं पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान भी उनके साथ रहेंगे। उन्होंने कहा कि जिस तरह से राजनीतिक दलों में बड़े चेहरों को देखकर पार्टी के ग्राफ का अंदाजा लगाया जाता है तो इन 2 दिनों में ऐसे ही चेहरे आप पार्टी में शामिल होंगे।
साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि आप पार्टी पर फ्री की रेवड़ियाँ बांटने का आरोप लगाया जा रहा है, जबकि वह फ्री रेवड़ियाँ नहीं जनता के टैक्स के पैसे से दी जाने वाली मूलभूत सुविधाएं हैं। अब चाहे किसी के भी पेट में दर्द हो इन मूलभूत सुविधाओं को देने में आप पार्टी पीछे कदम नहीं हटाएगी। फ्री रेवड़ियां तो प्रधानमंत्री मोदी बांट रहे हैं जो अपने मित्रों के लाखों करोड़ रुपए माफ कर रहे हैं। यही नहीं उन्होंने कहा कि भाजपा ड्रग्स और नशे को बढ़ावा दे रही है। इन्हीं के संरक्षण में ही नशे के कारोबार चल रहे हैं। जिस सीबीआई को नेताओं की जांच के लिए दौड़ाया जा रहा है उस सीबीआई से भारत में आई हजारों करोड़ की ड्रग्स की जांच नहीं करवाई जा रही।
यही नहीं उन्होंने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ द्वारा अरविंद केजरीवाल को झूठा बयान देने वाले नेता करार देने पर कटाक्ष करते हुए कहा कि ओमप्रकाश धनखड़ जनता का अपमान कर रहे हैं। खुद ओमप्रकाश धनखड़ के पास जब लोग काम के लिए जाते हैं तो मुख्यमंत्री तक उनका फोन नहीं उठाते। तो ऐसे में उनकी किस तरह की जनता की राजनीति है।







