नारनौल | प्रदेश में फरवरी के आखिरी सप्ताह में ही गर्मी का असर बढ़ने लगा है। राज्य के कई जिलों में अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार 27 फरवरी को मौसम आमतौर पर शुष्क रहने की संभावना है, जबकि 28 फरवरी को कई क्षेत्रों में बादल छाए रह सकते हैं और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी होने के भी आसार हैं।
मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक राज्य में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस नूंह में दर्ज किया गया। इसके अलावा हिसार में 30.8 डिग्री, नारनौल में 30.5 डिग्री और भिवानी में 30.0 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के कई अन्य जिलों में भी तापमान 28 डिग्री से ऊपर पहुंच चुका है, जिससे लोगों को फरवरी में ही गर्मी का अहसास होने लगा है।
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से लगभग 3.5 डिग्री अधिक चल रहा है। औसत अधिकतम तापमान में करीब 0.4 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
वहीं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक बना हुआ है। औसत न्यूनतम तापमान में करीब 0.4 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई है और यह सामान्य से लगभग 2.3 डिग्री ज्यादा है। राज्य में सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस सोनीपत जिले के सारंगथल में रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में हल्की गिरावट देखी जा सकती है, जबकि कुछ स्थानों पर बादल और हल्की बूंदाबांदी से मौसम में थोड़ी राहत मिल सकती है।





